Saturday, February 21

भाजपा अब नए कलेवर में: बनारस से मिली जीत की रणनीति, बिहार में पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण अभियान

पटना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार में अब खुद को नए कलेवर के साथ जनता तक अपनी विचारधारा और कार्यशैली पहुंचाने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी ने इस उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत की है। बनारस (वाराणसी) में हाल ही में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और जीत का मंत्र साझा किया।

This slideshow requires JavaScript.

भाजपा का यह नया प्रयास पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘विशुद्ध भगवाकरण’ के दृष्टिकोण से प्रशिक्षित करने के लिए है। प्रशिक्षण के दौरान पार्टी नेताओं ने तय किया कि अपने-अपने प्रदेश में इस अभियान को व्यापक रूप से लागू करेंगे।

60 नेताओं ने लिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिहार से कुल 60 नेताओं ने भाग लिया। इनमें विधायक, पूर्व विधायक और संगठन के बड़े पदाधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम में भाजपा के इतिहास, उसकी विचारधारा, नेतृत्व क्षमता और जनता तक संदेश पहुंचाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने यह भी समझाया कि कैसे दो सांसदों वाली पार्टी आज 200 से अधिक सांसदों वाली राष्ट्रीय शक्ति बन गई।

जनता तक संदेश पहुंचाना मुख्य लक्ष्य

भाजपा का फोकस पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ लेवल तक पहुँचाने पर है। प्रशिक्षण में हर राज्य के स्तर पर कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम चलाने और जनता तक संदेश पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम की समय सीमा और विषय

केंद्रीय समिति के अनुसार बिहार में यह प्रशिक्षण अभियान 7 मार्च से 14 अप्रैल तक चलेगा। कार्यक्रम प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक आयोजित होगा। प्रशिक्षण के विषयों में इतिहास विकास, सैद्धांतिक अधिष्ठान, मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, पांच निष्ठा, कार्यकर्ता विकास, देश के समक्ष चुनौतियां, राजनीतिक और सामाजिक कार्याविस्तार, तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी शामिल होगी।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि इस प्रशिक्षण अभियान के बाद पार्टी एक नए कलेवर के साथ आगामी राजनीतिक लड़ाई में और अधिक मजबूत स्थिति में विरोधियों के सामने खड़ी होगी।

Leave a Reply