Friday, May 29

This slideshow requires JavaScript.

भोपाल: पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराया

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। विश्वविद्यालय के डीन को एक संदिग्ध ई-मेल भेजकर दावा किया गया कि परिसर में सायनाइड (जहर) वाले बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करेंगे।

This slideshow requires JavaScript.

सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सभी छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ को तत्काल परिसर से बाहर निकाल दिया। क्लासरूम, ओपीडी और प्रशासनिक भवन को भी खाली कराया गया। मौके पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया, जिन्होंने पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली।

पुलिस के अनुसार, ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि ई-मेल कहां से आया, किसने भेजा और कौन सी आईडी या सर्वर का इस्तेमाल हुआ।

सूत्रों ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल में लिखा गया था, “आपके कॉलेज में सायनाइड पॉइजन वाले बम रखे हैं। जो दोपहर 12:15 बजे ब्लास्ट करेंगे। सुबह 11 बजे तक डॉक्टर और स्टूडेंट को निकाल लें। अल्लाह हू अकबर।” ई-मेल में किसी संगठन का जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन भाषा से धमकी की गंभीरता स्पष्ट हो रही है।

पुलिस ने परिसर और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर रखा है और संदिग्ध की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है।

Leave a Reply