Thursday, February 19

आपकी लिखावट और एक्सरसाइज पर नजर रखेगा AI, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में दिखी नई तकनीकें

नई दिल्ली, 19 फरवरी 2026: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में इस बार कई ऐसी इनोवेशन पेश की गईं, जो आम जिंदगी में सीधे काम आ सकती हैं। यहां हेल्थ-टेक, इंडस्ट्रियल सुरक्षा और ऑटोनॉमस डिलीवरी के क्षेत्र में AI आधारित उपकरणों ने सबका ध्यान खींचा।

This slideshow requires JavaScript.

लिखावट से पढ़ेगा आपका मस्तिष्क

Prisma AI का दावा है कि उसकी तकनीक आपकी लिखावट का विश्लेषण करके आपके व्यवहार, मानसिक तनाव और व्यक्तित्व का अंदाजा लगा सकती है। कंपनी के अनुसार लिखावट सिर्फ शब्दों का माध्यम नहीं है, बल्कि मस्तिष्क की न्यूरोलॉजिकल अभिव्यक्ति है। ब्रेन-ड्रिवन मोटर एक्टिविटी के माध्यम से बने पैटर्न — जैसे स्लैंट, प्रेशर, स्पेसिंग और लेटर फॉर्मेशन — का विश्लेषण कर GrySENSE नामक टूल व्यक्ति की भावनात्मक स्थिति, स्ट्रेस, आत्मविश्वास, लीडरशिप प्रवृत्ति, मानसिक थकान और फोकस की जानकारी देता है। यह सर्विस फिलहाल उद्यमियों, प्रोफेशनल्स, छात्रों और HR टीमों के लिए उपलब्ध है।

एक्सरसाइज सही कर रहे हैं या नहीं, मिनटों में बताएगा AI

स्वदेशी हेल्थ-टेक स्टार्टअप Krigat ने AI आधारित फिजियोथेरपी टूल पेश किया है। साधारण कैमरे की मदद से यह तकनीक शरीर की हरकतों का विश्लेषण करती है। AI सिस्टम जोड़ों के एंगल, संतुलन और मूवमेंट की गुणवत्ता का रियल-टाइम में मूल्यांकन करता है। इसका फायदा मरीज और फिजियोथेरपिस्ट दोनों को होता है। गलत मूवमेंट तुरंत सुधारे जा सकते हैं और मरीज घर बैठे ही सही गाइडेंस पा सकता है।

खतरनाक जगहों पर सुरक्षा बढ़ाएगा रोबोट

ग्लोबल कंसल्टिंग कंपनी EY ने स्काउट नामक एडवांस रोबोटिक समाधान पेश किया। यह रोबोट डिजिटल ट्विन, रोबोटिक्स और फिजिकल AI के संयोजन पर काम करता है। किसी खतरे का अलर्ट मिलने पर स्काउट मौके पर जाकर फोटो, वीडियो और सेंसर डेटा इकट्ठा करता है। AI और लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) के माध्यम से एनालिसिस कर कर्मचारियों को सुरक्षित माहौल में काम करने के सुझाव देता है।

ड्रोन से सामान पहुंचेगा सीधे दरवाजे तक

Skye Air Mobility ने एंड-टु-एंड ऑटोनॉमस ड्रोन डिलीवरी सिस्टम पेश किया। Arrive AI और Ottonomy के साथ मिलकर तैयार यह सिस्टम बिना किसी इंसानी मदद के पैकेज सीधे ग्राहकों तक पहुंचाता है। पिछले 2 साल में इस सिस्टम से 36 लाख से अधिक डिलीवरी हो चुकी हैं। विशेष रूप से शहरी लॉजिस्टिक्स के लिए डिजाइन किए गए ड्रोन 10 किलोग्राम तक का पेलोड ले जा सकते हैं, और इससे कार्बन उत्सर्जन लगभग शून्य हो जाता है।

सरकार और मिशन-क्रिटिकल संस्थानों के लिए Sovereign AI Box

ParadigmIT ने Sovereign AI Box लॉन्च किया, जो ऑन-प्रिमाइस, एयर-गैप्ड प्राइवेट AI क्लाउड समाधान है। यह सिस्टम बाहरी इंटरनेट या पब्लिक क्लाउड से पूरी तरह अलग रहता है और साइबर हमलों या डेटा लीक के खतरे को कम करता है। इसे सरकारी विभाग और मिशन-क्रिटिकल संस्थानों के लिए तैयार किया गया है।

एआई समिट 2026 ने यह साबित कर दिया कि AI अब सिर्फ लैब की तकनीक नहीं रह गया, बल्कि यह हमारे बेडरूम, जिम, फैक्ट्रियों और सरकारी दफ्तरों तक पहुंचने के लिए तैयार है।

Leave a Reply