
मोतिहारी (बिहार): बिहार के मोतिहारी जिले की पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने ठगी के लिए खुद का एंड्रॉइड ऐप ‘अग्नि’ बनवाया था। इसके जरिए वह लोगों को ऑफर और आकर्षक इनाम का लालच देकर बड़ी संख्या में ठगी करता था।
पुलिस ने बताया कि: मुख्य आरोपी संगम कुमार, पाली गांव, फरीदाबाद का रहने वाला है और अग्नि ऐप के जरिए एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का मास्टरमाइंड है। मोतिहारी साइबर के पुलिस उपाधीक्षक अभिनव परासर ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
‘अग्नि ऐप’ की ठगी की रणनीति
रक्सौल क्षेत्र के निवासी अभिषेक शर्मा ने पिछले वर्ष साइबर थाने में मामला दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया कि अग्नि ऐप युवाओं को मोबाइल रिचार्ज, बिजली बिल भुगतान, विज्ञापन आदि पर अत्यधिक रिटर्न का लालच देता था। इसके अलावा, अधिक पूंजी निवेश करने पर कार और अन्य आकर्षक उपहार देने का प्रलोभन दिया जाता था।
संगम कुमार खुद को ऐप कंपनी का सीईओ बताता था और विभिन्न स्थानों पर सेमिनार आयोजित कर युवाओं को निवेश के लिए आकर्षित करता था। शुरुआती दौर में निवेशकों को मामूली लाभ दिखाकर विश्वास दिलाया जाता था, लेकिन जब बड़ी संख्या में लोग बड़ी राशि निवेश कर देते थे, तो ऐप अचानक बंद कर दिया जाता और आरोपी फरार हो जाते।
गिरफ्तारी और जांच
पुलिस ने विशेष छापेमारी में संगम कुमार को हरियाणा से गिरफ्तार किया। डीएसपी अभिनव पराशर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ठगी का नेटवर्क किन-किन राज्यों में फैला था।
पुलिस की इस कार्रवाई से ठगी के शिकार लोगों में न्याय पाने की उम्मीद जगी है। फिलहाल, पुलिस सारे लेन-देन की जांच कर रही है ताकि ठगी की वास्तविक रकम का पता लगाया जा सके।
