Wednesday, February 18

900 करोड़ के जेजेएम घोटाले में IAS सुबोध अग्रवाल समेत कई अधिकारियों पर एसीबी की बड़ी कार्रवाई

जयपुर: राजस्थान के जल जीवन मिशन (JJM) में कथित 900 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में अब तक नौ वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि पूर्व IAS सुबोध अग्रवाल मुख्य जांच के दायरे में हैं।

This slideshow requires JavaScript.

गिरफ्तारी और छापेमारी

ACB ने जयपुर, बाड़मेर, दिल्ली, बिहार और झारखंड समेत 15 ठिकानों पर छापेमारी की। गिरफ्तारी में शामिल अधिकारियों में चीफ इंजीनियर (प्रशासन) दिनेश गोयल, चीफ इंजीनियर (ग्रामीण) केडी गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता शुभांशु दीक्षित, वित्तीय सलाहकार सुशील शर्मा, मुख्य अभियंता नीरिल कुमार, निलंबित एक्सईएन विशाल सक्सेना, रिटायर्ड अतिरिक्त मुख्य अभियंता अरुण श्रीवास्तव, रिटायर्ड मुख्य अभियंता डी.के. गौड़ और रिटायर्ड अधीक्षण अभियंता महेंद्र प्रकाश सोनी शामिल हैं।

बीते दिनों दिनेश गोयल को उदयपुर के पांच सितारा ताज लेक पैलेस से गिरफ्तार किया गया। वहीं, बाड़मेर में विशाल सक्सेना को रेलवे स्टेशन पर दबोच लिया गया। दोनों को तुरंत जयपुर ले जाया गया।

घोटाले के आरोप

जांच में सामने आया कि टेंडर प्रक्रिया में फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र का इस्तेमाल कर लगभग 960 करोड़ रुपये के ठेके दिए गए। आरोप है कि इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड के नाम से जारी फर्जी कार्य पूर्णता प्रमाणपत्रों के आधार पर श्री गणपति ट्यूबवेल कंपनी और श्री श्याम ट्यूबवेल कंपनी को निविदाएं दिलाई गईं। कई जगह घटिया पाइप लगाए गए और अधूरे कार्यों का भी भुगतान किया गया।

अब तक की कार्रवाई

  • पूर्व PHED मंत्री महेश जोशी को अप्रैल 2025 में ED ने गिरफ्तार किया था।

  • एसीबी ने जयपुर, बाड़मेर, दिल्ली, बिहार और झारखंड समेत 15 ठिकानों पर छापेमारी की।

  • नौ वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

  • 11 आरोपियों और दो कंपनियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में पेश।

  • राज्य सरकार ने सुबोध अग्रवाल सहित कई अधिकारियों के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी।

ACB का आगे का प्लान

ACB की जांच में 15 एक्सईएन, 40 एईएन और 50 जेईएन सहित कुल 139 इंजीनियर्स रडार पर हैं। 15 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त हुए IAS सुबोध अग्रवाल भी जांच के दायरे में हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस केस में सुबोध अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

Leave a Reply