
बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत की डीएम अस्मिता लाल इन दिनों सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे किसानों की समस्याएं सुनने के बाद एक लंगूर के साथ खेलती नजर आ रही हैं।
गुरुवार को दोपहर करीब 1:30 बजे भारतीय किसान यूनियन के सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे ताकि डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जा सके। किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। मामला जैसे ही डीएम अस्मिता लाल को पता चला, उन्होंने स्वयं धरना स्थल पर जाकर किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना।
मटरू ने रास्ता रोका
धरना स्थल पर एक लंगूर, जिसे स्थानीय लोग मटरू कहते हैं, वहां आ गया और डीएम के जाने का रास्ता रोक दिया। अस्मिता लाल मुस्कुराईं और जमीन पर बैठकर लंगूर को पुचकारने लगीं। उन्होंने हाथ बढ़ाया तो मटरू ने उनकी उंगली पकड़ ली। इस दौरान हंसते हुए उन्होंने कहा, “नो मटरू।” यह दृश्य वहां मौजूद किसानों को खूब हंसाया।
डीएम ने लगभग 5 मिनट तक लंगूर के साथ खेलते हुए उसका मनोरंजन किया। जब वे जाने लगीं तो मटरू ने उनकी साड़ी पकड़ ली, जिसे वहां मौजूद किसानों ने छुड़ाया। इसके बाद डीएम अपने ऑफिस लौट गईं।
पशु प्रेम और संवेदनशील प्रशासन
अस्मिता लाल को उनके पशु प्रेम और जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशील रवैये के लिए जाना जाता है। सर्दियों में उन्होंने बागपत में बेजुबान जानवरों के लिए रैन बसेरे बनवाए और कलेक्ट्रेट परिसर में पक्षियों के लिए कृत्रिम घोंसले तैयार कराए।
कौन हैं अस्मिता लाल?
अस्मिता लाल दिल्ली की रहने वाली हैं और 2015 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। बागपत में यह उनका पहला डीएम पद है। इससे पहले वे गाजियाबाद में सीडीओ के पद पर तैनात थीं। गाजियाबाद में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के चलते उनकी खूब चर्चा हुई। उनकी संवेदनशीलता और जनता के प्रति सक्रिय दृष्टिकोण उन्हें अलग पहचान दिलाता है।
