
बेंगलुरु: कहते हैं कि घर बड़ा हो या छोटा, उसमें रहने वाले का दिल खुश होना सबसे अहम है। हरियाणा कैडर के रिटायर्ड IPS अधिकारी करतार सिंह तोमर ने इस बात को सच कर दिखाया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनका ‘होम टूर व्लॉग’ वायरल हुआ, जिसमें वे अपने बेंगलुरु स्थित छोटे से 1 BHK फ्लैट को बड़े गर्व से ‘स्वर्ग’ कहते नजर आए।
सादगी और संस्कृति का सुंदर मिश्रण
तोमर साहब ने अपने घर की सजावट में महंगे सामान की बजाय सादगी और सोच-समझ कर प्लानिंग को प्राथमिकता दी। व्लॉग की शुरुआत में उन्होंने घर का दरवाजा खोलते ही भारतीय संस्कृति और परंपरा को दिखाया। लकड़ी के दरवाजे पर सुंदर तोरण लगाए गए हैं और घर में सफाई व व्यवस्थित साज-सज्जा देखने को मिलती है।
मल्टीपर्पस लिविंग एरिया
छोटे से फ्लैट में भी सोफा-कम-बेड जैसे फर्नीचर का इस्तेमाल कर जगह का अधिकतम उपयोग किया गया है। हल्के नीले पर्दे और सोफे का कलर कमरे को शांत और ताजा लुक देता है। सोफे के पीछे की दीवार पर भगवान गणेश की तस्वीर वाला वॉलपेपर घर में सकारात्मक ऊर्जा जोड़ता है। फॉल्स सीलिंग की वॉर्म लाइटिंग ने लिविंग रूम को मॉर्डन और आकर्षक बनाया है।
मॉर्डन किचन और स्टडी एरिया
उनका किचन छोटा लेकिन बेहद व्यवस्थित और आधुनिक है। हर चीज हाथ की पहुंच में होने के कारण रोजमर्रा की जरूरतें आसानी से पूरी होती हैं। किचन के पास ही बाथरूम है, जिसमें एंटी-स्किड फ्लोरिंग है। वहीं, डाइनिंग-कम-स्टडी टेबल सेटअप ने घर को मल्टीफंक्शनल और स्मार्ट बनाया है।
बेडरूम में ताजगी और प्राकृतिक रोशनी
बेडरूम में बड़ी कांच की खिड़कियां हैं, जिनसे दिनभर प्राकृतिक रोशनी और ताजी हवा आती है। हल्के नीले रंग का बिस्तर कमरे में सुकून का एहसास देता है।
बालकनी और हरियाली
तोमर साहब की बालकनी व्लॉग का सबसे खूबसूरत हिस्सा है। यहां से बेंगलुरु की हरी-भरी हरियाली का नजारा मिलता है। तोमर साहब कहते हैं, “यहां कोई प्रदूषण नहीं है, कोई शोर नहीं है, बस शांति है।” बालकनी उनके छोटे से फ्लैट को भी स्वर्ग समान सुकूनदेह बना देती है।
89 वर्ष की उम्र में भी तोमर साहब ने दिखाया कि सादगी, सही प्लानिंग और प्रकृति का आनंद किसी भी घर को असाधारण बना सकता है।
