
मुंबई। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता रामानंद सागर के पुत्र आनंद रामानंद सागर चोपड़ा का शुक्रवार, 13 फरवरी को 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। आनंद सागर ने अपने पीछे स्नेह और हंसी-खुशी से भरा परिवार छोड़ा। उनका अंतिम संस्कार पवन हंस श्मशान घाट, मुंबई में आयोजित किया गया, जिसमें कई फिल्म जगत के लोग शामिल हुए।
परिवार ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
सागर परिवार की तरफ से जारी बयान में कहा गया—
“गहरे दुख और शोक के साथ, हम हमारे प्रिय पिता श्री आनंद रामानंद सागर चोपड़ा के निधन की सूचना देते हैं। आनंद जी ने स्नेह, गरिमा और मूल्यों से परिपूर्ण जीवन जिया और अपनी दयालुता, बुद्धिमत्ता और सौम्य स्वभाव से कई लोगों के जीवन को छुआ।”
परिवार और मित्रों ने उन्हें स्नेहपूर्वक याद किया। अंतिम संस्कार में उनके करीबी रिश्तेदार और फिल्म जगत के कुछ लोग उपस्थित थे।
सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि
अनंत सागर को ‘शोले’ के निर्देशक रमेश सिप्पी अपनी पत्नी किरण जुनेजा के साथ और अभिनेत्री भाग्यश्री अपने पति के साथ नम आंखों से श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे।
आनंद सागर का फिल्मी और टेलीविजन योगदान
आनंद सागर, रामानंद और लीलावती सागर के पांच बच्चों में से एक थे। वे सागर आर्ट्स की दूसरी पीढ़ी से ताल्लुक रखते थे और कई लोकप्रिय प्रोजेक्ट्स का निर्माण कर चुके थे। इनमें प्रमुख हैं—
-
2008 में बनी ‘रामायण’ रीमेक
-
हिट शो ‘अलिफ लैला’ (1993)
-
फिल्म ‘अरमान’, जिसमें गाना ‘रंबा हो हो हो’ बाद में रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के लिए रीक्रिएट किया गया
वे 1987-1988 के टीवी सीरियल ‘रामायण’ के सह-निर्माताओं में से एक थे, जिसमें अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया, सुनील लहरी, अरविंद त्रिवेदी और दारा सिंह ने लीड रोल निभाए थे।
आनंद सागर का परिवार
आनंद सागर के परिवार में उनकी पत्नी निशा सागर, बेटे शक्ति सागर और अमर सागर, बेटी गौरी सागर, बहू वैशाली, पोती आन्या और पोता अर्जुन शामिल हैं। पिछले साल उनके भाई और टीवी निर्माता प्रेम सागर का भी निधन हुआ था।
एक सूत्र के अनुसार, आनंद सागर कुछ समय से अस्वस्थ थे और उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को डॉक्टरों ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी और इसी दौरान उनका निधन हो गया।
