Friday, February 13

राजस्थान के मैनेजर की कश्मीरी पत्नी 12 महीने से लापता, CRPF ने तलाश का आदेश

नागौर, 13 फरवरी 2026: राजस्थान के नागौर जिले के सुदरासन गांव निवासी निजी कंपनी के मैनेजर जितेंद्र सिंह की पत्नी शकीला अख्तर पिछले 12 महीनों से लापता हैं। जितेंद्र का आरोप है कि शकीला को उसके परिजनों ने बंधक बना रखा है और उसकी दूसरी शादी कराने की कोशिश की जा रही है।

This slideshow requires JavaScript.

स्थानीय पुलिस से अपेक्षित मदद न मिलने पर मामले में सुनवाई करते हुए राजस्थान हाईकोर्ट ने अब केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद लेने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने CRPF और अन्य पैरामिलिट्री बलों को शकीला की तलाश के लिए सक्रिय करने का निर्देश दिया है।

शादी और लापता होने का घटनाक्रम

जितेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में वे जम्मू में एक निजी निर्माण कंपनी में साइट मैनेजर के रूप में कार्यरत थे। वहीं उनकी पहचान अनंतनाग जिले के हैसिदार गांव की रहने वाली शकीला अख्तर से हुई। शकीला की मां रेशमा भी उसी कंपनी में काम करती थीं।

धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुए और 16 फरवरी 2025 को पंजाब के फिरोजपुर स्थित मंदिर में विवाह किया। अगले दिन कोर्ट में भी विवाह का पंजीकरण कराया गया। इसके बाद दोनों राजस्थान लौट आए।

शुरुआत में शकीला के परिजनों और समाज के लोगों ने विरोध किया और उसे वापस लाने का दबाव डाला। इसी बीच, शकीला की गुमशुदगी की रिपोर्ट जम्मू के सतवारी थाना में दर्ज कराई गई।

हाईकोर्ट का सख्त आदेश

28 अक्टूबर 2025 को जितेंद्र ने जोधपुर हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की। पुलिस टीम अनंतनाग तक पहुंची, लेकिन शकीला का पता नहीं चला। स्थानीय पुलिस से सहयोग न मिलने पर हाईकोर्ट ने सख्त आदेश जारी किया कि शकीला को हर हाल में खोजा जाए। इसके लिए CRPF और अन्य केंद्रीय बलों की मदद लेने का निर्देश दिया गया।

मामला अब भी न्यायिक निगरानी में है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply