
नोएडा, मनीष सिंह: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी डकैत अमित उर्फ अंकित को गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र से दबोच लिया। आरोपी पिछले 14 साल से फरार चल रहा था और उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दिल्ली व मुंबई में कई डकैती और चोरी की घटनाओं में संलिप्त था।
एसटीएफ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमित उर्फ अंकित उर्फ राजू उर्फ राहुल मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के फुरोना गांव का निवासी है। उसने कक्षा 9वीं तक पढ़ाई की और उसके बाद अपराध की दुनिया में कदम रखा।
अपराध की लंबी सूची
2012 में मुंबई में नौकरी के बहाने मकान मालिक के घर से 3 लाख रुपये और जेवरात चुराने के बाद उसे जेल भेजा गया। जेल से रिहा होने के तुरंत बाद उसी वर्ष गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र में अपने साथियों के साथ 50 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात की लूट की।
इसके बाद भी उसका अपराधी सफर जारी रहा। 2015 में मधुबनी से मोटरसाइकिल चोरी, दिल्ली में 8 लाख रुपये और जेवरात की डकैती, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में 2 लाख रुपये की चोरी, 2017 में कोलकाता में 5 लाख रुपये और जेवरात की लूट जैसी घटनाओं में वह शामिल रहा। 2024 में जेल से रिहा होने के बाद उसने नोएडा में भी डकैती की।
एसटीएफ की कार्रवाई
नोएडा एसटीएफ यूनिट के एडिशनल एसपी राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने गुरुवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कविनगर से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी नाम और पते बदलकर छिपा हुआ था। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसका गिरोह संगठित तरीके से घरों में नौकर बनकर रेकी करता और वृद्ध लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट करता।
गिरफ्तार आरोपी को गाजियाबाद के कविनगर थाने में दर्ज मामलों में पेश किया गया है और स्थानीय पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। एसटीएफ की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय अपराध पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
