Thursday, February 12

‘हम बेटे सिद्धू मूसेवाला के पैसों के लिए धक्‍के खा रहे हैं’

मानसा: दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने अपने बेटे की कमाई और कंपनियों में पैसों की हेराफेरी के खिलाफ मानसा SSP दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। माता-पिता का आरोप है कि उनके बेटे की कंपनियों के मैनेजर्स उनके हक का पैसा रोक रहे हैं और पंजाब पुलिस ने अभी तक उचित कार्रवाई नहीं की।

This slideshow requires JavaScript.

माता-पिता ने कहा- पुलिस हाथ नहीं लगाती

सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और मां चरण कौर ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“हमें अपने बेटे की कमाई से दूर रखा जा रहा है। हमने बंटी बैंस, गुरप्रीत सिंह भसीन और शब्बीर मोमिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, इसे जांच के लिए SSP को भेजा गया, लेकिन छह महीने से फाइल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।”

उन्होंने बताया कि उन्होंने सभी जरूरी कागजात और रिकार्ड पुलिस को सौंप दिए हैं। उनका आरोप है कि कंपनियों के मैनेजर्स उनके बेटे की कमाई अपने पास रखे हुए हैं और उन्हें रुपये नहीं दिए जा रहे।

DIG हरजीत सिंह ने दिया भरोसा

धरने के दौरान बठिंडा रेंज के DIG हरजीत सिंह ने माता-पिता को दफ्तर बुलाकर कार्रवाई का भरोसा दिया। माता-पिता ने कहा कि पहले से ही उन्हें बेटे की हत्या के इंसाफ के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है और अब उनके हक के लिए भी धक्के खाने पड़ रहे हैं। उन्होंने पंजाब सरकार पर भी नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि गैंगस्टरों को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, लेकिन पंजाब पुलिस ने उन्हें बचा लिया।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या और केस की स्थिति

सिद्धू मूसेवाला की हत्या 29 मई 2022 को हुई थी। उनकी हत्या के मामले में नामजद आरोपी लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेशी हो रही है। पहले एनकाउंटर में दो शूटर जगरूप और मनु कोसा को अमृतसर जिले में मार गिराया गया था।

माता-पिता का कहना है कि अब सिर्फ इंसाफ ही नहीं, बल्कि उनके बेटे की कमाई पर उनका हक भी सुरक्षित होना चाहिए।

Leave a Reply