
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक शातिर साइबर ठग ने यूट्यूब से अंगूठे का क्लोन बनाना सीखकर AEPS (आधार इनेबल पेमेंट सिस्टम) के जरिए लोगों के बैंक खातों से लगभग 35 लाख रुपये की ठगी की। साइबर थाना पुलिस ने आरोपी शिवम कुमार को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है।
कैसे किया ठगी का अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी ने ऑनलाइन रबर स्टाम्प मशीन करीब 14 हजार रुपये में खरीदी और पॉलिमर क्यूरिन कैमिकल की मदद से लोगों के अंगूठों का क्लोन तैयार किया। इसके लिए वह राजस्व विभाग की वेबसाइट से सेल डीड का पीडीएफ डाउनलोड कर आधार नंबर और फिंगरप्रिंट हासिल करता था।
फिर क्लोन अंगूठे को बायोमैट्रिक मशीन पर लगाकर AEPS एप में आधार नंबर डालता और संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते से रकम अपने बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (BC) वॉलेट में ट्रांसफर कर जनसेवा केंद्र से कैश निकाल लेता था। इसी तरीके से उसने अलग-अलग पीड़ितों से कुल 35 लाख रुपये उड़ा लिए।
पुलिस कार्रवाई और बरामदगी
पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाने में धारा 420 और 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान फरार आरोपी शिवम कुमार, पुत्र दिनेश कुमार कुशवाह, निवासी फतेहपुर को गुरुग्राम के भंगरोला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद सामान:
-
689 फिंगरप्रिंट क्लोन
-
6 मोबाइल फोन
-
2 एसएसडी
-
13 सिम कार्ड
-
2 बायोमैट्रिक मशीन
-
1 एचपी लैपटॉप
सतर्क रहने की अपील
सीओ क्राइम सर्जन सिंह ने बताया कि मामले में सात अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि आधार और बायोमैट्रिक जानकारी साझा करते समय अत्यंत सतर्क रहें।
