
मऊ (सौरभ राय): उत्तर प्रदेश के मऊ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवान और पार्सल अधीक्षक के बीच हुई विवाद की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। वीडियो में पार्सल अधीक्षक राजेश सिंह आरपीएफ जवान अमित कुमार यादव को सरेआम धमकी देते नजर आ रहे हैं। राजेश सिंह ने भोजपुरी में कहा, “राजेश सिंह नाम है, अंखिया निकाल लेब तोहार। जानत नाहीं हअव केसे बात करत हवअ।”
मौके पर मौजूद जानकारी के अनुसार, मऊ के घोसी क्षेत्र के निवासी अमित कुमार यादव, छत्तीसगढ़ के उसलापुर में तैनात सिपाही हैं। 7 फरवरी को वे अपने कुछ साथियों के साथ रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन और अन्य सामान पैकिंग के लिए पार्सल कार्यालय पहुंचे। यहां पैकिंग को लेकर अमित कुमार यादव और पार्सल अधीक्षक राजेश सिंह के बीच बहस हो गई। अमित के साथियों ने इस बहस का वीडियो बना लिया और बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
पार्सल अधीक्षक का पक्ष
राजेश सिंह ने एनबीटी से कहा कि वे रेलवे में लगभग 30 वर्षों से सेवा दे रहे हैं। उन्होंने बताया, “सामान में कुछ टूटने का खतरा था, इसलिए पैकिंग कराने की सलाह दी। अमित यादव और उनके साथी बिना पैकिंग के कम पैसे में सामान भेजने का दबाव बना रहे थे। इसके बाद वे गालियां देने लगे, जिससे मैं भी भड़क गया। वीडियो का आधा-अधूरा हिस्सा ही सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।”
आरपीएफ का बयान
मौके पर आरपीएफ इंचार्ज मऊ, एके सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है। अब तक किसी पक्ष से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला रेलवे परिसर में अनुशासन और व्यवहार को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।
