
पटना: इस हफ्ते में दूसरी बार पटना सिविल कोर्ट को बम धमकी मिली है। धमकी ईमेल के जरिए दी गई, जिसमें ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा भी लिखा था। इससे सुरक्षा व्यवस्था सतर्क हो गई और कोर्ट को तत्काल खाली करवा दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह 6:27:49 पर जिला जज को sunniya_dassan@outlook.com ईमेल आईडी से ईमेल भेजकर धमकी दी गई। ईमेल में लिखा गया, “पाकिस्तान कनिमोझी जिंदाबाद, 1:00 बजे पटना सिविल कोर्ट में बम के धमाके होंगे।”
पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत कोर्ट परिसर को चारों तरफ से घेर लिया और पूरी तलाशी अभियान शुरू कर दी। इस दौरान जजों के चैम्बर समेत कोर्ट में मौजूद सभी अधिवक्ताओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने पूरे कोर्ट परिसर की चप्पे-चप्पे तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
लगातार धमकियों से अधिवक्ताओं में आक्रोश भी देखने को मिला। उनका कहना था कि हाल के महीनों में कोर्ट को बार-बार धमकियां मिली हैं, लेकिन आरोपियों को पकड़ने में प्रशासन विफल रहा है। अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन की कार्रवाई को नाकाफी बताया।
फिलहाल पुलिस ईमेल के सोर्स की जांच कर रही है और धमकी देने वाले अपराधी को पकड़ने की पूरी कोशिश कर रही है।
