
टिहरी गढ़वाल, 11 फरवरी: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में इस साल आयोजित होने जा रहे टिहरी लेक महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कोटि कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महोत्सव स्थल के इष्टतम उपयोग और व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। इसके बाद ली रॉय होटल में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक में महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के दौरान मास्टर शेफ टिहरी, फोटोग्राफी प्रतियोगिता, रैप, पेंटिंग, पहाड़ी परिधान पर आधारित फैशन शो मिस्टर और मिस टिहरी, राफ्टिंग और काइट शो जैसे आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग, वाटर स्पोर्ट्स, माउंटेन बाइकिंग और फूड फेस्टिवल जैसी रोमांचक गतिविधियाँ भी शामिल होंगी। प्रतियोगिताओं के प्रथम तीन विजेताओं को क्रमशः ₹1,00,000, ₹50,000 और ₹25,000 पुरस्कार राशि दी जाएगी।
महोत्सव में “Save गंगा” थीम पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पुरानी टिहरी की विरासत और क्षेत्रीय संस्कृति को मंच के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय परंपराओं और पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।
बैठक में नगर पालिका टिहरी के अध्यक्ष मोहन रावत ने नई टिहरी में सजावट और फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन की जानकारी दी। नगर पालिका मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने काइट शो के माध्यम से स्वच्छता संदेश फैलाने की बात कही।
इस अवसर पर घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, बीजेपी जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका चंबा अध्यक्ष शोभनी धनोला, नगर पंचायत घनसाली अध्यक्ष आनंद बिष्ट, बोट यूनियन अध्यक्ष कुलदीप पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और महोत्सव को सफल बनाने के निर्देश दिए।
