
चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गलियारों में भूचाल मच गया है। लॉटरी किंग सैंटियागो मार्टिन की पत्नी लीमा रोज मार्टिन ने इंधिया जनानायगा काची (IJK) पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि वह एआईएडीएमके के चुनाव चिन्ह पर रामेश्वरम जिले की सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। यह कदम मार्टिन परिवार की राजनीतिक रणनीति का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है।
बेटे की पार्टी को समर्थन या एआईएडीएमके में एंट्री?
लीमा रोज मार्टिन अपने बेटे जोस चार्ल्स मार्टिन की पार्टी लचिया जनानायगा काची (LJK) को तमिलनाडु में लॉन्च कर सकती हैं। हालांकि, उन्होंने अपने भविष्य की स्पष्ट घोषणा अभी नहीं की है। हाल ही में एआईएडीएमके प्रमुख ए. पलानीस्वामी से मुलाकात के बाद संभावना जताई जा रही है कि वह रामनाथपुरम के थिरुवदनई से एआईएडीएमके के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं।
सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान
थिरुवदनई में लीमा रोज मार्टिन ने मार्टिन फाउंडेशन और लीमा मार्टिन हेल्थ सेंटर के माध्यम से समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके इस कदम से इलाके में उनकी लोकप्रियता और बढ़ी है।
परिवार की राजनीतिक रणनीति
लीमा के दामाद आधव अर्जुन एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) में हैं, लेकिन लीमा के टीवीके में शामिल होने की संभावना कम मानी जा रही है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम मार्टिन फैमिली की रणनीति का हिस्सा है, जिसमें परिवार के सदस्य अलग-अलग पार्टियों और गठबंधनों में प्रभाव बना रहे हैं।
सैंटियागो मार्टिन का विवादित प्रोफाइल
लॉटरी किंग के नाम से मशहूर सैंटियागो मार्टिन पिछले पांच साल में लगभग 1,368 करोड़ रुपये बड़े राजनीतिक दलों को चंदे के रूप में दे चुके हैं। मार्टिन ग्रुप का सालाना लॉटरी टर्नओवर लगभग 15,000 करोड़ रुपये है, जिससे उनके परिवार के राजनीतिक कदम और भी रणनीतिक नजर आते हैं।
