
लंदन: ब्रिटेन की राजनीतिक गलियारों में एक नया सवाल गूंज रहा है – क्या शबाना महमूद ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री बन सकती हैं? अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े विवाद के चलते ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर पर बढ़ते दबाव और लेबर पार्टी में इस्तीफे की मांग के बीच यह चर्चा तेज हो गई है।
गृह सचिव और पार्टी की वरिष्ठ नेता शबाना महमूद इस समय सभी की नजरों में हैं। अगर वह प्रधानमंत्री बनती हैं, तो ब्रिटेन की इतिहास में यह पहली मुस्लिम महिला प्रधानमंत्री का पद होगा।
कश्मीर से गहरा नाता
शबाना महमूद का संबंध कश्मीर के मीरपुर क्षेत्र से है, जो पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आता है। उनके माता-पिता मीरपुर से दुबई और फिर ब्रिटेन आ बसे थे।
जन्म और शिक्षा
17 सितंबर 1980 को बर्मिंघम में जन्मी शबाना महमूद ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की और पेशे से बैरिस्टर हैं। 2010 में वे रुशना अली और यास्मीन कुरैशी के साथ ब्रिटेन की पहली महिला मुस्लिम सांसदों में शामिल हुईं।
राजनीति और आप्रवासन नीतियां
लेबर पार्टी में शबाना, कीर स्टारमर की करीबी मानी जाती हैं और पार्टी के दक्षिणपंथी गुट से जुड़ी हैं। वह आप्रवासन नीतियों पर कड़ा रुख रखती हैं और कहती हैं कि ब्रिटेन में रहना एक सौभाग्य है।
पार्टी की रणनीति में अहम योगदान
संसद में प्रवेश के कुछ ही महीनों बाद उन्हें पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। बाद में वे लेबर पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अभियान की रणनीति में अहम भूमिका निभा चुकी हैं।
यदि स्टारमर इस्तीफा देते हैं और शबाना महमूद प्रधानमंत्री बनती हैं, तो ब्रिटेन की राजनीति में एक नया ऐतिहासिक अध्याय जुड़ जाएगा।
