
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक इंडिया AI इंपैक्ट शिखर सम्मेलन-2026 आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के हर जिले से 700 से 1000 पुलिसकर्मी सम्मेलन में ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। कुल मिलाकर लगभग 10 हजार जवानों की सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
हाईटेक सुरक्षा और क्यूआर कोड पास
सम्मेलन के लिए सुरक्षा में अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। सभी आमंत्रित मेहमानों को क्यूआर कोड वाले पास दिए जा रहे हैं, जिन्हें स्कैन कर एंट्री गेट पर ही प्रवेश मिलेगा।
ट्रैफिक और वीवीआईपी मूवमेंट पर विशेष तैयारी
दिल्ली को 10 ट्रैफिक जोन और 22 सेक्टर्स में बांटा गया है। वीवीआईपी मूवमेंट वाले रूट पर 24 घंटे एसीपी और पायलट काफिल में एसीपी तैनात रहेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 5,000 ट्रैफिककर्मियों को तैनात किया गया है।
30 देशों के मेहमान होंगे शामिल
सम्मेलन में 30 देशों से हजारों मेहमान दिल्ली पहुंचेंगे। इसके अलावा कई टेक और उद्योग जगत के दिग्गज भी शामिल होंगे, जिनमें माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स, एनवीडिया के सीईओ जेंसन हुओग, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, इन्फोसिस के अध्यक्ष नंदन नीलेकानी, सिस्को के अध्यक्ष जीतू पटेल और एडोबी के सीईओ शांतनु नारायण शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और समन्वय के लिए AI इंपैक्ट समिट सेल भी स्थापित किया है, ताकि सभी आयोजन स्थल और वीवीआईपी मूवमेंट पूरी तरह सुरक्षित रहे।
