
नई दिल्ली: यूरोप घूमने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या में पिछले कुछ सालों में जबरदस्त वृद्धि देखी गई है। अब भारतीय पर्यटक यूरोपीय रेल कंपनियों के लिए सुनहरा बाजार बन गए हैं। स्विट्जरलैंड और यूरोप के कई देशों में ट्रेन यात्रा के लिए सबसे लोकप्रिय विकल्प बने Swiss Travel Pass और Eurail Pass हैं, जिनकी बिक्री में भारत ने दूसरे नंबर पर कब्जा किया है।
भारतीयों का यूरोप में बढ़ता असर
विदेश यात्रा करने वाले भारतीय अब सिर्फ थाईलैंड, मलेशिया या वियतनाम तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यूरोप और अमेरिका जैसी महंगी जगहों में भी जा रहे हैं। स्विट्जरलैंड के लिए Swiss Travel Pass खरीदने में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर है, जबकि Eurail Pass के मामले में भारत चौथे नंबर पर है।
Eurail Pass से 30 से ज्यादा यूरोपीय देशों में ट्रेन यात्रा की जा सकती है। इसमें ट्रेन के साथ-साथ कई म्यूजियम, माउंटेन रेलवे, केबल कार और स्थानीय परिवहन सेवाओं में मुफ्त या छूट भी मिलती है।
रेल यात्रा सस्ती और सुविधाजनक विकल्प
ईयूरेल के प्रवक्ता के अनुसार, रुपया कमजोर होने और यूरो-स्विस फ्रैंक की बढ़ती कीमत के कारण भारतीय पर्यटक ऐसे विकल्प ढूंढ रहे हैं, जिसमें खर्च पहले से अनुमानित हो। रेल यात्रा इस लिहाज से सस्ता और सुविधाजनक विकल्प बन गई है।
परिवार और बच्चों के लिए बढ़ रही लोकप्रियता
ईयूरेल ने बताया कि 2023 से 2025 के बीच Child Pass की बिक्री में सालाना 8% की बढ़ोतरी हुई है। इसका मतलब है कि अब छोटे बच्चों वाले परिवार भी यूरोप में ट्रेन यात्रा करने में रुचि दिखा रहे हैं।
स्विट्जरलैंड सबसे पसंदीदा रेल यात्रा गंतव्य
2025 में Swiss Travel Pass का उपयोग अधिकार आधे मिलियन से अधिक यात्रियों ने किया। भारतीय पर्यटक बिक्री में अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर हैं। पिछले तीन सालों में भारतीय बाजार से डबल-डिजिट ग्रोथ देखी गई है और इसकी तेजी आने वाले सालों में भी जारी रहने की उम्मीद है।
विदेश यात्रा करने वाले भारतीयों की बढ़ती संख्या
केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2025 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 8.39 मिलियन (83.9 लाख) भारतीयों ने विदेश यात्रा की। यह पिछले साल के मुकाबले 6.9% अधिक है। यूरोप और अमेरिका अभी भी भारतीय पर्यटकों के प्रमुख गंतव्य बने हुए हैं।
