
भोपाल। राजधानी भोपाल के करोंद इलाके से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां हाईटेंशन लाइन के टावर के ठीक नीचे से सार्वजनिक सड़क निकाल दी गई है। स्थानीय लोग इस अनोखी और खतरनाक सड़क को मजाक में ‘एफिल टॉवर रोड’ कह रहे हैं, क्योंकि यह सड़क टावर के नीचे से गुजरते हुए बिल्कुल किसी टावरनुमा संरचना जैसी दिखाई देती है।
यह मामला करोंद क्षेत्र की विनायक कॉलोनी का बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस सड़क से लोग रोजाना पैदल, बाइक और कार लेकर गुजरते हैं, जबकि ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के कारण हर वक्त हादसे की आशंका बनी रहती है।
घनी आबादी के बीच बना खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब यह टावर लगाया गया था तब आसपास कोई बस्ती नहीं थी। लेकिन धीरे-धीरे यहां घर बनते गए और अब यह इलाका घनी आबादी वाला बन चुका है। ऐसे में टावर के नीचे से सड़क गुजरने से खतरा कई गुना बढ़ गया है।
लोगों का कहना है कि बड़ी गाड़ियां इस रास्ते से आसानी से नहीं निकल पातीं, जिससे आए दिन परेशानी होती है।
बारिश में करंट फैलने का डर
स्थानीय निवासियों ने बताया कि बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। पानी भरने की स्थिति में करंट फैलने और बिजली की चपेट में आने का डर बना रहता है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।
बिजली कंपनी भी करना चाहती है शिफ्ट
जानकारी के अनुसार बिजली कंपनी इस टावर को दूसरी जगह शिफ्ट करने की कोशिश कर रही है। इस संबंध में कई बार चर्चा और प्रस्ताव भी हुए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
90 डिग्री पुल के बाद फिर चर्चा में भोपाल
सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद यह मामला फिर से चर्चा में आ गया है। इससे पहले भोपाल में 90 डिग्री एंगल वाले ऐशबाग ब्रिज को लेकर भी खूब बहस हुई थी। अब हाईटेंशन टावर के नीचे बनी सड़क ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा के लिहाज से जल्द से जल्द टावर और लाइन को हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
