Friday, February 27

पटना के बाद औरंगाबाद सिविल कोर्ट को RDX से उड़ाने की धमकी, पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया

औरंगाबाद: जिले के सिविल कोर्ट में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। धमकी में बताया गया कि जज के चैम्बर और वॉशरूम में 4RDX रखे गए हैं और उसे रिमोट से ब्लास्ट किया जाएगा। यह ईमेल सुबह करीब 11 बजे मिला।

This slideshow requires JavaScript.

धमकी मिलते ही विधि-प्रशासन और पुलिस ने तत्काल सुरक्षा के कड़े कदम उठाए। पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराने का आदेश जारी किया गया। न्यायाधीश, पेशकार, अधिवक्ता और मुवक्किलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कोर्ट परिसर पूरी तरह खाली होने के कारण सभी न्यायिक कार्य बाधित हो गए।

धमकी वाले ईमेल में औरंगाबाद, पटना और भागलपुर सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई थी। पटना सिविल कोर्ट को भी सोमवार की सुबह इसी तरह धमकी मिली थी।

अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले सप्ताह बिहार के अन्य जिलों में भी कई न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और सुरक्षा को देखते हुए कोई जोखिम नहीं उठाया।

सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर बम निरोधक दस्ता और जांच टीम भेजी। न्यायालय परिसर, न्यायिक कक्ष, रिकॉर्ड रूम और विधिक सेवा सदन की गहन जांच की गई। फिलहाल पुलिस साइबर टीम धमकी भरे ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा कारणों से आगे की न्यायिक कार्यवाही पर विशेष नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply