
नई दिल्ली/लाहौर: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान महामुकाबले को लेकर उठे विवाद में नया मोड़ आ गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पहले इस मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया था, लेकिन अब वह ICC के सामने तीन शर्तों के साथ मैच खेलने के लिए तैयार दिख रहा है।
ICC-पाकिस्तान बैठक
रविवार को लाहौर में ICC और PCB के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम को भी आमंत्रित किया गया। बैठक में ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार ICC ने पाकिस्तान को साफ कर दिया कि वर्ल्ड कप जैसे वैश्विक टूर्नामेंट में चुनिंदा भागीदारी स्वीकार्य नहीं है। ऐसा करने पर PCB को वित्तीय और अन्य कड़े प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।
श्रीलंका की भावुक अपील
इस विवाद में सह-मेजबान श्रीलंका क्रिकेट (SLC) की भूमिका अहम रही। SLC ने PCB को पत्र लिखकर याद दिलाया कि जब पाकिस्तान क्रिकेट अंतरराष्ट्रीय बहिष्कार झेल रहा था, तब श्रीलंका ने दौरा कर क्रिकेट को बहाल किया। साथ ही उन्होंने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए बताया कि भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने पर उनके पर्यटन और होटल उद्योग को भारी नुकसान होगा।
पाकिस्तान की तीन शर्तें
-
ICC रेवेन्यू में हिस्सेदारी बढ़ाना: पाकिस्तान चाहता है कि ICC द्वारा सभी बोर्डों को दिए जाने वाले वार्षिक पैसों में उसका हिस्सा बढ़ाया जाए।
-
भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज बहाल करना: पाकिस्तान चाहता है कि ICC बीसीसीआई पर दबाव बनाए और भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय श्रृंखला को फिर से शुरू करवाई जाए।
-
मैदान पर हैंडशेक प्रोटोकॉल: PCB ने इसे अनिवार्य करने की मांग की है, हालांकि ICC ने इसे व्यक्तिगत टीमों के निर्णय पर छोड़ने की बात कही।
बांग्लादेश का एंगल
यह विवाद तब शुरू हुआ था जब बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार किया और उन्हें स्कॉटलैंड से रिप्लेस किया गया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ मैच छोड़ने की धमकी दी थी। अमीनुल इस्लाम की लाहौर में मौजूदगी इस बात का संकेत है कि बांग्लादेश भी अपने हितों या मुआवजे के लिए बातचीत कर रहा है।
पाकिस्तान का अंतिम निर्णय 10 फरवरी तक आने की उम्मीद है, क्योंकि टीम को अपने अगले मैच के लिए रणनीति तैयार करनी है।