
ज्योति शर्मा, मथुरा: उत्तर प्रदेश के बरसाना में राधा रानी के भक्तों के लिए खुशखबरी है। लंबे समय से मेंटेनेंस के कारण बंद पड़ा रोपवे अब फिर से चालू कर दिया गया है। नई तकनीक और सुधारों के साथ रोपवे अब पहले से ज्यादा सुविधाजनक और तेज हो गया है।
बरसाना रोपवे को 1 फरवरी से तकनीकी जांच और मरम्मत के लिए बंद किया गया था। टेक्निकल टीम ने इसमें वायरिंग, ट्रॉली और अन्य उपकरणों की मरम्मत और सुधार किए। अब भक्तों को रोपवे के दौरान बीच में रुकने की जरूरत नहीं होगी। ट्रॉली सीधे मंदिर के पास उतरेगी, जिससे दर्शन का समय बचेगा और भीड़ कम होगी।
पहले बीच में ट्रॉली रुकने के कारण कई बार भक्तों का समय व्यर्थ चला जाता था। लेकिन अब रोपवे की नई व्यवस्था से अधिक से अधिक श्रद्धालु कम समय में राधा रानी के दर्शन कर सकेंगे।
बरसाना रोपवे प्रोजेक्ट की शुरुआत साल 2016 में हुई थी। पर्यावरण एनओसी और कोविड की वजह से इसे पूरा होने में आठ साल लग गए। इस प्रोजेक्ट की लागत लगभग 15.89 करोड़ रुपये रही। यह मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के मॉडल पर तैयार किया गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 अगस्त 2024 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इसका उद्घाटन किया था। रोपवे की लंबाई लगभग 210 मीटर है और यह जमीन से मंदिर तक लगभग 600 फीट ऊंचाई तक जाती है। इसमें 12 ट्रॉली पेंडोला हैं, जिनमें प्रत्येक में 6 लोग बैठ सकते हैं। दोनों ओर का किराया 100 रुपये निर्धारित किया गया है।
अब श्रद्धालु सिर्फ 2 मिनट में लाडली जी के दर्शन कर सकते हैं और यह अनुभव पहले से कहीं ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित बन गया है।