Monday, February 9

लखनऊ में चाइनीज मांझे का कहर, 4 दिन में पांच हादसे, चार बाइक सवार गंभीर घायल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बार फिर दहशत बढ़ा दी है। शनिवार और रविवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में हुए हादसों में चार बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी के नाक पर गहरा कट लगा तो किसी की आंख और माथे पर गंभीर चोट आई। लगातार बढ़ते हादसों से लोगों में डर और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

This slideshow requires JavaScript.

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम बालागंज निवासी और यहियागंज उद्योग व्यापार मंडल के कार्यालय सचिव विमलेश तिवारी कार्यालय से घर लौट रहे थे। शाम करीब 5:30 बजे कुड़ियाघाट के पास उनकी बाइक के सामने अचानक चाइनीज मांझे की धार आ गई, जिससे उनकी नाक और आंख के पास गहरा कट लग गया। राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाक पर चार टांके लगाए।

काम पर जाते समय नाक कट गई, सड़क पर बैठ गए घायल

रविवार दोपहर ठाकुरगंज के कुड़ियाघाट इलाके में ब्लिंकिट में काम करने वाले गुड्डु नौकरी के दौरान बाइक से जा रहे थे। अचानक मांझे की धार उनके नाक पर लग गई, जिससे वे खून से लथपथ हो गए और सड़क पर बैठ गए। राहगीरों ने उन्हें नजदीकी क्लीनिक पहुंचाया।

नाका फ्लाईओवर पर व्यवसायी घायल, पत्नी संग जा रहे थे

इसी दिन नाका फ्लाईओवर के पास एक और घटना सामने आई। व्यवसायी मुकेश वर्मा अपनी पत्नी मोनिका के साथ कहीं जा रहे थे। इसी दौरान मांझे की चपेट में आने से मुकेश की आंख के पास कट लग गया। राहगीरों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

12वीं के छात्र के माथे से भौंह तक 8 इंच का गहरा घाव

शनिवार शाम फूलबाग निवासी 12वीं के छात्र आकिब बाइक से अमीनाबाद जा रहे थे। हीवेट रोड बंगाली क्लब के पास अचानक चाइनीज मांझे की धार उनके चेहरे पर लग गई। हादसे में उनके माथे से भौंह तक करीब 8 इंच लंबा कट आ गया। राहगीरों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।

व्यापार मंडल ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

यहियागंज उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे और धातु मिश्रित धारदार डोर की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रहे मांझे पर भी कड़ी निगरानी जरूरी है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि पतंग उड़ाने के लिए केवल साधारण सूती धागे का उपयोग करें और सड़क किनारे पतंग उड़ाने से बचें, क्योंकि इससे राहगीरों की जान खतरे में पड़ रही है।

चार दिन में पांच बड़े हादसे, एक की मौत

पिछले चार दिनों में लखनऊ में चाइनीज मांझे से जुड़े कुल पांच हादसे सामने आए हैं। इनमें:

  • हैदरगंज ओवरब्रिज पर गर्दन कटने से मोहम्मद शोएब (33) की मौत

  • शहीद पथ पर रिटायर्ड सैन्यकर्मी बृजेश राय का चेहरा कटना

  • गोमतीनगर विस्तार में बिजली विभाग के कर्मचारी सुधीर घायल

  • चौक में हाईस्कूल छात्र नजम खान की गर्दन कटना

  • कुड़ियाघाट के पास विमलेश तिवारी घायल

लगातार हो रही घटनाओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रतिबंध के बावजूद बिक रहे चाइनीज मांझे पर रोक लगाने के लिए प्रशासन कितनी सख्ती दिखाता है।

Leave a Reply