Saturday, February 7

बिना कनेक्शन भेजे हजारों के वॉटर बिल, जलकल विभाग पर लापरवाही का आरोप, महिलाओं ने किया प्रदर्शन

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित दरियापुर लेबर कॉलोनी में जलकल विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। कॉलोनीवासियों को बिना पानी कनेक्शन के ही 16 हजार से 25 हजार रुपये तक के भारी-भरकम वॉटर बिल भेजे गए हैं, जिससे खासकर महिलाएं काफी परेशान हैं।

This slideshow requires JavaScript.

कॉलोनी की अधिकांश महिलाएं घरों में झाड़ू-पोछा और छोटे-मोटे काम करके परिवार का खर्च चलाती हैं। ऐसे में अचानक भारी बिल भेजे जाने से उनका जीवन प्रभावित हुआ है। कॉलोनी निवासी रश्मि ने बताया, “हमारे घर में कभी पानी का कनेक्शन नहीं लगा, फिर भी 16 हजार रुपये का बिल भेज दिया गया।” अंजलि ने कहा, “हमारे नाम 22,400 रुपये का बकाया दिखाया गया है, जबकि हमारे घर में जलकल विभाग की कोई सप्लाई नहीं है।”

90 वर्षीय बुजुर्ग विश्वा ने भी अपने अनुभव साझा किए, “हमारे घर में कोई कमाने वाला नहीं है, इसके बावजूद 20,500 रुपये का पानी बिल भेजा गया। यह सीधे उत्पीड़न के समान है।”

गुस्साई महिलाओं ने शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर जलकल विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सुनवाई के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बिल रद्द नहीं किए गए तो वे मजबूरन धरना-प्रदर्शन करेंगी। महिलाओं ने यह भी कहा कि शनिवार को वे दोबारा नगर निगम पहुंचकर विरोध जताएंगी।

कॉलोनीवासियों की मांग है कि बिना कनेक्शन भेजे गए सभी वॉटर बिल तुरंत रद्द किए जाएं और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply