
मुंबई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत आज यानी 7 फरवरी से हो रही है और क्रिकेट प्रेमियों की नजरें पहले ही दिन भारत के मुकाबले पर टिकी होंगी। डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया अपने खिताब की रक्षा के मिशन के साथ मैदान पर उतरेगी। भारतीय टीम आज अमेरिका के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान का आगाज करेगी। यह मैच शनिवार शाम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस मुकाबले को सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में ‘आधार कार्ड बनाम ग्रीन कार्ड’ कहा जा रहा है, क्योंकि अमेरिकी टीम में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने भारत में क्रिकेट की बारीकियां सीखी हैं। हालांकि, उलटफेर करने में माहिर अमेरिकी टीम को हल्के में लेने की गलती भारत नहीं करेगा।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उतरेगा भारत
दो साल पहले टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सूर्यकुमार यादव ने करिश्माई कैच पकड़कर भारत को विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। अब वही सूर्या कप्तान के रूप में टीम को एक बार फिर खिताबी रास्ते पर आगे बढ़ाने उतरेंगे। यह मुकाबला सिर्फ टूर्नामेंट की शुरुआत नहीं, बल्कि दोनों टीमों के इरादों का ऐलान भी होगा—भारत अपनी बादशाहत कायम रखने उतरेगा, तो अमेरिका यह साबित करने कि उसकी मौजूदगी महज संयोग नहीं।
भारत की बल्लेबाजी में सुपर स्ट्राइकर्स की भरमार
टी20 क्रिकेट वह फॉर्मेट बन चुका है जिसमें भारतीय टीम सबसे ज्यादा सहज और संतुलित नजर आती है। भारतीय बल्लेबाजी क्रम किसी तय स्क्रिप्ट पर नहीं चलता, बल्कि परिस्थितियों के हिसाब से ढलकर आक्रामक और संयमित दोनों अंदाज में रन बनाता है।
पिछले एक साल (6 फरवरी 2025 से 6 फरवरी 2026) के टी20 अंतरराष्ट्रीय आंकड़े भारत के आत्मविश्वास की कहानी खुद कहते हैं—
-
अभिषेक शर्मा का स्ट्राइक रेट: 195
-
हार्दिक पंड्या का स्ट्राइक रेट: 168
-
सूर्यकुमार यादव का स्ट्राइक रेट: 157
इसके अलावा वापसी के बाद ईशान किशन ने भी शानदार प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने 4 मैचों में 231 के स्ट्राइक रेट से 215 रन बनाए हैं।
पावरप्ले में अभिषेक शर्मा की आक्रामक शुरुआत, बीच के ओवरों में सूर्या-तिलक का नियंत्रण और आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह व हार्दिक पंड्या जैसे फिनिशरों की मौजूदगी भारत को बेहद खतरनाक बनाती है।
गेंदबाजी में बुमराह-अर्शदीप की जोड़ी और स्पिन का जाल
भारतीय गेंदबाजी का सबसे बड़ा हथियार हैं जसप्रीत बुमराह, जिनकी टी20 वर्ल्ड कप में इकॉनमी 5.44 रही है और उनके नाम विश्व कप में 26 विकेट दर्ज हैं। उनके साथ अर्शदीप सिंह भी अहम भूमिका निभाएंगे, जो टी20 वर्ल्ड कप में 27 विकेट ले चुके हैं।
स्पिन विभाग में भारत के पास वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव जैसे मजबूत विकल्प हैं। पिछले एक साल में—
-
वरुण चक्रवर्ती ने 26 विकेट
-
कुलदीप यादव ने 25 विकेट
झटके हैं।
अमेरिका नई जरूर, लेकिन कमजोर नहीं
अमेरिकी टीम भले ही वैश्विक मंच पर नई दिखाई देती हो, लेकिन उसमें दमखम की कमी नहीं है। कप्तान मोनांक पटेल शानदार फॉर्म में हैं। पिछले एक साल में उन्होंने 9 टी20 मैचों में 365 रन, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं।
इसके अलावा साइतेजा मुक्कमाला, मिलिंद कुमार, शुभम रंजने और हरमीत सिंह जैसे खिलाड़ी भारतीय परिस्थितियों से परिचित हैं। गेंदबाजी में अमेरिका की सबसे बड़ी ताकत सौरभ नेत्रवलकर हैं, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 40 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट 6.85 है। वहीं अली खान अपनी तेज गेंदबाजी से डेथ ओवरों में खतरनाक साबित हो सकते हैं।
आमने-सामने के आंकड़े
-
कुल मुकाबले: 1
-
भारत जीता: 1
-
अमेरिका जीता: 0
मोनांक पटेल को टी20 इंटरनेशनल में 1000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 80 रन की जरूरत है।
संभावित प्लेइंग XI
भारत:
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह
अमेरिका:
आंद्रिस गौस, साइतेजा मुक्कमाला, शायन जहांगीर, मोनांक पटेल (कप्तान/विकेटकीपर), मिलिंद कुमार, हरमीत सिंह, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, शाडले वान शाकविक, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर
पिच और मौसम का हाल
वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। मैदान छोटा होने के कारण बड़े स्कोर की उम्मीद की जा रही है। शाम के मैच में ओस अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे स्पिनरों को चुनौती मिलेगी। मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। तापमान 28 से 30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
टेलिकास्ट और समय
यह मुकाबला शाम 7 बजे से स्टार स्पोर्ट्स और जियोहॉटस्टार पर लाइव देखा जा सकेगा।
भारत की नजर जीत के साथ शुरुआत पर
टी20 वर्ल्ड कप के पहले ही दिन भारत का यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट के लिए दिशा तय करने वाला हो सकता है। टीम इंडिया चाहेगी कि वह अमेरिका को हराकर अपने खिताबी सफर की शुरुआत दमदार अंदाज में करे, जबकि अमेरिका की कोशिश होगी कि वह बड़ा उलटफेर कर दुनिया को चौंका दे।