Saturday, February 7

स्टेशन जा रहे युवक का फिल्मी अंदाज में अपहरण, युवतियों के गैंग ने गनपॉइंट पर कराए ऑनलाइन ट्रांसफर

सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब सरेराह अपहरण कर गनपॉइंट पर लूटपाट की घटनाएं सामने आने लगी हैं। ताजा मामला सतना के कोलगवां क्षेत्र अंतर्गत सिटी कोतवाली थाना इलाके का है, जहां रेलवे स्टेशन जा रहे एक युवक का फिल्मी स्टाइल में अपहरण कर लिया गया। वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह में दो युवक और दो युवतियां शामिल थीं। आरोपियों ने युवक को ऑटो में जबरन बैठाकर पेट्रोल पंप ले गए और मोबाइल से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लिए।

This slideshow requires JavaScript.

घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ घंटों में मामले का खुलासा कर ऑटो चालक समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

रात 10 बजे स्टेशन जा रहा था युवक

पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक प्रफुल्ल श्रीवास्तव (20 वर्ष) निवासी मुख्तयारगंज, कालीबाड़ी के पास, 6 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे पैदल रेलवे स्टेशन जा रहा था। जैसे ही वह पंजाब नेशनल बैंक के पास स्टेशन रोड पहुंचा, तभी अचानक एक ऑटो उसके पास आकर रुका।

ऑटो में पहले से मौजूद बदमाशों ने युवक का मुंह दबाया और जबरन उसे ऑटो में बैठा लिया। इसके बाद उसे महादेवा पेट्रोल पंप की ओर ले जाया गया।

पेट्रोल पंप पर मोबाइल छीना, पिन पूछकर कराए ट्रांसफर

पेट्रोल पंप पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक का मोबाइल छीन लिया और उसे डरा-धमकाकर मोबाइल का पिन कोड पूछ लिया। इसके बाद पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कर दी गई।

आरोपियों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी के जरिए उस रकम को कैश में निकालकर अपने कब्जे में ले लिया और युवक को छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित किसी तरह थाने पहुंचा और पूरी वारदात की जानकारी पुलिस को दी।

ऑटो नंबर और तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रावेन्द्र द्विवेदी ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से ऑटो नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

कुछ ही घंटों में पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें शामिल हैं—

  1. पियूष कुशवाहा निवासी धवारी गली नं. 01, सतना

  2. अंकित द्विवेदी निवासी खरवाही, थाना अमरपाटन

  3. दीपाली बागरी (20 वर्ष) निवासी ग्राम मौहारी, थाना नागौद

  4. दिशा वर्मन निवासी धवारी गली नं. 04, सतना

ऑटो और लूटा गया मोबाइल जब्त

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो और पीड़ित का लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल सतना भेज दिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची बड़ी वारदात

इस घटना ने सतना शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की तेज कार्रवाई से आरोपियों को जल्द पकड़ लिया गया, जिससे आगे होने वाली संभावित वारदातों पर रोक लग सकी।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं यह गिरोह पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम तो नहीं दे चुका है।

Leave a Reply