Friday, February 6

शामली एनकाउंटर: 50 हजार के इनामी रिहान ढेर, दिल्ली-एनसीआर में दर्ज 90 केस; 24 घंटे में दूसरी बड़ी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के शामली में पुलिस ने एनकाउंटर में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश रिहान को ढेर कर दिया। रिहान पर दिल्ली-एनसीआर में करीब 90 आपराधिक मामले दर्ज थे। यह प्रदेश में पिछले 48 घंटे में हुई दूसरी बड़ी पुलिस कार्रवाई है।

This slideshow requires JavaScript.

पुलिस के अनुसार, झिंझाना से कसेरवा रोड के इलाके में चल रही लूट की जांच के दौरान बाइक सवार रिहान और उसके साथी पुलिस को देखकर भागने लगे। इसी दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई। फायरिंग में एक सिपाही सुमित बैसला घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रिहान को गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

एसपी ने दी जानकारी
शामली एसपी एनपी सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने फतेहपुर निवासी राहुल से नकदी और मोबाइल लूट लिया। देर रात करीब 12:30 बजे कोतवाली और आदर्श मंडी पुलिस पूर्वी यमुना नहर पर तलाशी में जुटी थी। इसी दौरान रिहान पुलिस को देखकर फायरिंग करने लगा। घायल बदमाश और सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने रिहान को मृत घोषित किया।

रिहान का आपराधिक रिकॉर्ड
एसपी एनपी सिंह के अनुसार, रिहान दिल्ली के ओखला नगर का रहने वाला था और दिसंबर से झिंझाना थाने से वांटेड था। उस पर 49 मामले दिल्ली, 28 गाजियाबाद, और बाकी शामली, बागपत, हापुड व बुलंदशहर में दर्ज हैं। रिहान पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके पास से लूटा गया मोबाइल, नगदी और दो पिस्टल बरामद हुईं, जिनमें से एक मेड इन इटली और दूसरी देसी पिस्तौल है।

उत्तर प्रदेश पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पिछले 48 घंटों में बनारसी यादव और रिहान जैसे कुख्यात अपराधियों के एनकाउंटर से प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश दिया गया है। पुलिस मृतक रिहान के साथी की तलाश में छापेमारी जारी रखे हुए है।

Leave a Reply