Sunday, May 24

This slideshow requires JavaScript.

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: गौड़ चौक पर ऑटो-ई रिक्शा किराया विवाद, सवारियों और चालकों में टकराव

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ चौक गोलचक्कर से तिगरी और हाईवे तक जाने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने अचानक किराया बढ़ा दिया, जिससे सवारियों और चालकों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। पहले इस दूरी के लिए किराया 10 रुपये था, जिसे अब चालकों ने 20 रुपये कर दिया है। कुछ चालकों ने किराया न देने पर सवारी लेने से भी इंकार कर दिया।

This slideshow requires JavaScript.

राहगीर यश और कल्पना ने बताया कि वे रोजाना नोएडा से तिगरी आते-जाते हैं। दो दिन पहले रात के समय जब वे गौड़ चौक से ई-रिक्शा में बैठे तो चालकों ने मनमाने तरीके से किराया बढ़ा दिया और नए रेट के बोर्ड भी लगा दिए।

स्थानीय निवासी रश्मि पांडेय ने कहा कि इलाके में हाइराइज, लो-राइज सोसायटियों और सेक्टरों में हजारों परिवार रह रहे हैं, लेकिन अब तक मेट्रो या किसी मजबूत सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं दी गई। मजबूरी में लोग ऑटो और ई-रिक्शा पर निर्भर हैं, जिसका फायदा चालकों ने उठाया।

नेफोवा (NEFOWA) के अध्यक्ष अभिषेक कुमार और दीपांकर कुमार ने बताया कि मेट्रो कनेक्टिविटी की मांग को लेकर 15 मार्च को 300 से 400 लोग बसों और निजी वाहनों के जरिए जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि जब तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट की व्यवस्थित सुविधा नहीं होगी, ऐसे विवाद लगातार सामने आते रहेंगे।

वायरल वीडियो में देखा गया कि गौड़ चौक पर सवारियों और चालकों के बीच नोकझोंक हुई। लोग परिवहन विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि किराए को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। फिलहाल, दोनों पक्षों को समझाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply