Thursday, February 5

राहुल गांधी पर बोलते हुए उलझे तेज प्रताप यादव, पीएम मोदी के काम की की तारीफ

पटना: जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। संसद से विपक्षी सांसदों के निलंबन और राहुल गांधी को बोलने का मौका न दिए जाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी।

This slideshow requires JavaScript.

मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि राहुल गांधी को “खुद को ही सस्पेंड कर लेना चाहिए।” उनके इस बयान को विपक्षी राजनीति की समझ को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह से देखा जा रहा है। तेज प्रताप ने कहा, “कौन किसको सस्पेंड कर रहा है? राहुल गांधी जी खुद क्यों नहीं हो जा रहे सस्पेंड? सबसे पहले वही सस्पेंड हो जाएं।”

पीएम मोदी का बचाव, राहुल पर आरोप

बातचीत के दौरान जब उनसे राहुल गांधी के उस आरोप पर सवाल किया गया जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अंतरराष्ट्रीय समझौते के जरिए देश को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई थी, तो तेज प्रताप यादव ने प्रधानमंत्री का बचाव करते हुए उल्टा राहुल गांधी पर ही निशाना साध दिया। उन्होंने कहा, “वो देश को क्यों बेचेंगे? जो बेच रहा है वो सदन में है। राहुल गांधी देश को बेच रहा है। प्रधानमंत्री अच्छा काम कर रहे हैं।”

तेज प्रताप यादव के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में चौंकाने वाली प्रतिक्रिया पैदा की, क्योंकि वे पारंपरिक रूप से भाजपा के विरोधी खेमे से जुड़े माने जाते हैं।

निशांत कुमार के वृंदावन दौरे पर टिप्पणी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के वृंदावन दौरे पर भी तेज प्रताप यादव ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की यात्रा सकारात्मक अनुभव देती है और निशांत कुमार को अपनी शुभकामनाएं दीं। तेज प्रताप ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उन्हें पहले ही ऐसी यात्राएं शुरू कर देनी चाहिए थीं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तेज प्रताप यादव के बयान अक्सर राजनीतिक विमर्श से अधिक उनकी व्यक्तिगत शैली और तात्कालिक प्रतिक्रिया को दर्शाते हैं, लेकिन इसके बावजूद वे सार्वजनिक चर्चा का केंद्र बन जाते हैं।

Leave a Reply