
नोएडा (विवेक मिश्रा): दिल्ली से सटे नोएडा में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गौतमबुद्ध नगर जिले के बिसरख कोतवाली क्षेत्र के चिपियाना में रहने वाले 24 वर्षीय रचित उर्फ रुचित ने सोमवार को घर के पास स्थित पार्क में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूत्रों के अनुसार, रचित शराब का आदी था और उसके दो भाई व तीन बहन हैं। रचित के परिजन जब शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर-94 स्थित पोस्टमॉर्टम हाउस ले गए, तो कर्मचारियों ने शव को कफन में सील करने के लिए 3 हजार रुपये मांग लिए। पैसे न देने पर कर्मचारियों ने शव को नग्न अवस्था में पुलिस बैग में परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने श्मशान घाट पर जाकर दुकान से केवल 150 रुपये का कफन खरीदा और ऑनलाइन भुगतान किया। मृतक के जीजा ने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए उन्हें रिश्तेदार से 5 हजार रुपये उधार लेने पड़े।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सीएमओ ने नोडल प्रभारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया। टीम ने पोस्टमॉर्टम हाउस जाकर CCTV फुटेज और अन्य जानकारियाँ जुटाई।
यह मामला प्रशासन और पुलिस के लिए चेतावनी है कि इंसानियत के आधारभूत मूल्य भी कभी-कभी भ्रष्टाचार के कारण ठेस पहुँच सकते हैं।