
इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में श्रीलंका को क्लीन स्वीप कर दिया। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 12 रनों से हराया। पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड ने 9 विकेट पर 128 रन बनाए।
इंग्लैंड की शुरुआत बेहद कमजोर रही। सलामी बल्लेबाज बेन डकेट पहले ही ओवर में गोल्डन डक हुए। जैकब बेथेल 3, टॉम बैंटन 7 और कप्तान हैरी ब्रूक 4 रन बनाकर आउट हुए। पावरप्ले के अंत तक इंग्लैंड का स्कोर 35/4 था। जोस बटलर ने 25 रन बनाए लेकिन लंबा टिक न सके। इसके बाद ऑलराउंडर सैम करन ने मोर्चा संभाला। करन ने 48 गेंदों में 58 रन बनाए और लियाम डॉसन के साथ टीम को 100 के पार पहुंचाया। श्रीलंका के दुष्मंथा चमीरा ने 24 रन देकर 5 विकेट चटकाए।
श्रीलंका की शुरुआत भी खराब रही, कमिल मिशारा पहले ही ओवर में ल्यूक वुड का शिकार बने। पथुम निसांका और कुसल मेंडिस ने कुछ समय के लिए पारी संभाली, लेकिन टीम 4 विकेट पर 90 रन तक सिमट गई। जीत के लिए श्रीलंका को आखिरी 42 गेंदों में 39 रन चाहिए थे।
इंग्लैंड के पार्ट टाइम गेंदबाज विल जैक्स और जैकब बेथेल ने कमाल दिखाया। बेथेल ने 3.3 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि जैक्स ने 4 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। 18वें ओवर में बेथेल ने श्रीलंका के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर मैच को इंग्लैंड के पक्ष में समाप्त कर दिया।