Wednesday, February 4

डोली की जगह उठी बेटी की अर्थी, प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने की आत्महत्या; आरोपी जावेद अंसारी गिरफ्तार

रीवा/मऊगंज। जिले के मऊगंज क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां शादी की तैयारियों में जुटे परिवार के घर से डोली की बजाय बेटी की अर्थी उठी। मानसिक प्रताड़ना और लगातार पीछा किए जाने से परेशान एक युवती ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में मुख्य आरोपी जावेद अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

This slideshow requires JavaScript.

घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कोचिंग से लेकर वीडियो वायरल करने की धमकी तक

जानकारी के अनुसार मृतक युवती वार्ड नंबर 13 की निवासी थी। वहीं आरोपी जावेद अंसारी भी उसी क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पिछले कई महीनों से युवती को लगातार परेशान कर रहा था। वह युवती का पीछा करता था और कोचिंग क्लास तक में उसे परेशान करने लगा था।

इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा युवती को वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी भी दी जा रही थी। युवती की सहेलियों ने भी बताया कि वह लंबे समय से डर और मानसिक दबाव में थी।

शादी की तैयारियों के बीच उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों के अनुसार युवती के पिता उसकी शादी की तैयारियों में लगे थे। इसी बीच 10 जनवरी की सुबह युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना तुरंत नईगढ़ी थाना पुलिस को दी गई। युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

धारा 108 के तहत दर्ज हुआ मामला

इस मामले में पुलिस ने आरोपी जावेद अंसारी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल जांच में किसी अन्य एंगल के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है। युवती के मोबाइल, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके।

Leave a Reply