Wednesday, February 4

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को राम मंदिर में करेंगी रामयंत्र की स्थापना, परकोटा में होगा ध्वजारोहण

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में एक और ऐतिहासिक क्षण जुड़ने जा रहा है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 19 मार्च को अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर के दूसरे तल स्थित गर्भगृह में राम यंत्र की वैदिक विधि से पूजा-अर्चना कर स्थापना करेंगी। इसके साथ ही वे मंदिर के परकोटे में ध्वजारोहण भी करेंगी।

This slideshow requires JavaScript.

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंदिर परिसर में परकोटे के भीतर बने म्यूरल (भित्ति चित्रों) की साफ-सफाई और फिनिशिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम से पहले सभी कार्य समय पर पूर्ण हो सकें।

ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि 19 मार्च को होने वाले उत्सव के लिए निमंत्रण सूची दो दिनों के भीतर अंतिम रूप ले लेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में मंदिर निर्माण से जुड़ी कंपनियों के कर्मचारी, विभिन्न वर्गों के प्रतिष्ठित लोग और विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।

डॉ. मिश्र के अनुसार, कार्यक्रम भले ही बहुत बड़े स्तर पर आयोजित नहीं किया जाएगा, लेकिन यह अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक रहेगा। इस दौरान रामयंत्र के पूजन अनुष्ठान के साथ अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी संपन्न कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि परकोटा के भीतर स्थित सप्तऋषि मंदिर और शेषावतार मंदिर में भी श्रद्धालुओं के दर्शन जल्द शुरू कराने की तैयारी चल रही है। परकोटे में म्यूरल और अन्य डिजाइनिंग कार्य पूरा होने के बाद दर्शन की अनुमति दी जा सकती है। दर्शन के लिए विशेष पास व्यवस्था भी लागू रहेगी।

सुरक्षा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं को सीमित संख्या में ही मंदिर परिसर में भ्रमण की अनुमति मिलेगी।

इससे पहले मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने समिति की बैठक में संकेत दिए थे कि परिसर में स्थित अन्य मंदिरों के दर्शन फरवरी के अंत या मार्च में शुरू किए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही एलएंडटी और टीसीई जैसी कंपनियां धीरे-धीरे परिसर खाली करने लगेंगी, जिससे श्रद्धालुओं के प्रवेश में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अयोध्या में उत्साह का माहौल है और मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाने-संवारने की तैयारी चल रही है।

Leave a Reply