Thursday, May 21

This slideshow requires JavaScript.

‘भारत के लिए काला दिन, अमेरिका के आगे झुकी BJP सरकार’—राज्यसभा सांसद संजय सिंह का मोदी सरकार पर तीखा हमला

लखनऊ। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर अमेरिका के सामने झुकने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। अमेरिका के साथ हुई कथित ट्रेड डील को लेकर उन्होंने इसे भारत के लिए काला दिन करार दिया और कहा कि इस समझौते से देश में महंगाई बढ़ेगी और भारतीय किसान बर्बादी की ओर चले जाएंगे।

This slideshow requires JavaScript.

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि यह डील देशहित के खिलाफ है और इससे भारत की आर्थिक नीति पर अमेरिका का प्रभाव बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस समझौते की जानकारी भारत सरकार ने नहीं दी, बल्कि अमेरिका के राष्ट्रपति के ट्वीट के माध्यम से सामने आई। इससे साफ होता है कि अब भारत के नीतिगत फैसले वॉशिंगटन से तय हो रहे हैं।

तेल खरीद को लेकर भी उठाए सवाल
AAP सांसद ने आरोप लगाया कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा, बल्कि अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदेगा। संजय सिंह के अनुसार यह फैसला देशहित के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि वेनेजुएला का तेल घटिया गुणवत्ता वाला होता है, जिसे रिफाइन करने में अधिक लागत आती है, जबकि अमेरिका का तेल रूस की तुलना में कहीं अधिक महंगा है। इससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होगी और इसका असर आम जनता पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि तेल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी और इसका सीधा असर रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर पड़ेगा, जिससे महंगाई और बढ़ जाएगी।

किसानों पर सबसे बड़ा हमला बताया
संजय सिंह ने कहा कि इस ट्रेड डील में किसानों के खिलाफ सबसे खतरनाक फैसला लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अमेरिका से आने वाले कृषि उत्पादों पर शून्य शुल्क (Zero Duty) लगाने का निर्णय किया है। इसका मतलब है कि अमेरिका से आने वाला कपास, गेहूं, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद बिना टैक्स के भारतीय बाजार में बिकेंगे।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी उत्पाद सस्ते दामों पर बिकेंगे, जिससे भारतीय किसानों की फसल को उचित दाम नहीं मिल पाएगा और किसान बर्बादी की ओर बढ़ेंगे।

’70 से 80 करोड़ लोग खेती पर निर्भर’
संजय सिंह ने कहा कि देश की 70 से 80 करोड़ आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से खेती पर निर्भर है। किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन सरकार ने किसान की पीठ पर वार किया है। उन्होंने इस फैसले की तुलना तीन कृषि कानूनों से करते हुए कहा कि यह भी उसी तरह का विश्वासघात है, जिसे किसान पहले ही नकार चुके हैं।

‘सड़क से संसद तक आंदोलन’ की चेतावनी
AAP सांसद ने आरोप लगाया कि मीडिया इस फैसले को भी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताकर प्रचारित करेगा, जबकि वास्तविकता यह है कि यह डील अमेरिका के किसानों और कॉरपोरेट्स के हित में की गई है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि आखिर ऐसी कौन-सी मजबूरी है, जिसके चलते देश का स्वाभिमान और राष्ट्रीय हित बार-बार अमेरिका के हाथों बेचे जा रहे हैं। संजय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि यह ट्रेड डील वापस नहीं ली गई और किसानों व आम जनता के खिलाफ फैसले रद्द नहीं किए गए, तो सड़क से लेकर संसद तक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

Leave a Reply