Monday, February 2

जबलपुर: बरगी बांध की नहर फूटी, गांव-खेतों में पानी का सैलाब, फसलें चौपट

जबलपुर (NBT): नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध की दायीं तट नहर का हिस्सा रविवार दोपहर लगभग 12 बजे सगड़ा-झपनी के पास क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण नहर का पानी समीपवर्ती गांव और खेतों में फैल गया, जिससे करीब आधा दर्जन गांव के किसानों की फसलें नष्ट हो गईं।

This slideshow requires JavaScript.

स्थिति का जायजा:
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि नहर के क्षतिग्रस्त हिस्से से पानी का बहाव मुख्यतः नर्रई नाला की तरफ था। शाम तक स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में आ गई थी और नर्रई नाला के निचले क्षेत्र में भरा पानी भी उतरने लगा। प्रशासन ने फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कर पीड़ित किसानों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।

प्रशासन की कार्रवाई:
बरगी बांध के एसडीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि नहर के आरडी 6.94 किलोमीटर स्थित नर्रई एक्वाडक्ट के अपस्ट्रीम के दाहिने भाग का ट्रांजिशन कर्व क्षतिग्रस्त हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासन ने बांध से पानी की सप्लाई रोक दी और नहर के आगे सभी गेट खोल दिए। प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता मुनादी के माध्यम से लोगों को तुरंत चेतावनी दी गई।

प्रभावित इलाके और फसल नुकसान:
सगड़ा-झपनी, बम्हनोदा, रोसरा, चारघाट, पिपरियाकला और घाना के कुछ हिस्से प्रभावित हुए, लेकिन किसी भी घर में पानी नहीं भरा और जनहानि नहीं हुई।

मरम्मत का काम:
कार्यपालन यंत्री श्रृद्धा बंसोडकर ने बताया कि नहर के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत सोमवार की सुबह से शुरू कर दी जाएगी। आवश्यक मशीनरी और सामग्री पहले ही मौके पर पहुंच चुकी है।

 

Leave a Reply