
मेरठ। सोशल मीडिया पर वायरल रील “10 रुपये वाला बिस्कुट कितने का है जी” से पहचान बनाने वाले चर्चित डिजिटल क्रिएटर शादाब जकाती से जुड़ा पारिवारिक विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। शादाब के साथ रील्स में नजर आने वाली महिला इरम ने अपने पति खुर्शीद पर गंभीर आरोप लगाते हुए घरेलू हिंसा और आर्थिक शोषण की बात कही है।
इरम ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में दावा किया है कि उनके पति पिछले 8–9 महीनों से उनकी कमाई को जुए और सट्टे में उड़ा रहे हैं और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वह चुप नहीं रहेंगी और अपने अधिकारों के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगी।
“कमाई पर गलत निर्भरता, बदनाम करने की कोशिश” – इरम
इरम का आरोप है कि उनके पति उनकी कमाई पर पूरी तरह निर्भर हैं और उन्हें तथा यूट्यूबर शादाब जकाती को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई बार उनके साथ मारपीट की गई और डराया-धमकाया गया।
इरम ने कहा कि लगातार झूठे आरोप, घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर अब कानूनी लड़ाई ही एकमात्र रास्ता बचा है।
पहले भी लगाए जा चुके हैं आरोप–प्रत्यारोप
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले खुर्शीद ने भी एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि शादाब जकाती उनकी पत्नी इरम को अपने साथ रखते हैं और दोनों कई-कई दिनों तक घर से बाहर रहते हैं। इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और तीनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया।
पहले भी पुलिस कर चुकी है दखल
पुलिस के अनुसार, इस विवाद में पहले भी कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, लेकिन बाद में आपसी समझौते के चलते उन्हें वापस ले लिया गया। पुलिस का यह भी कहना है कि कई मामलों में इस तरह के विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा और लोकप्रियता पाने के लिए उछाले जाते हैं।
पुलिस सतर्क, जांच जारी
अधिकारियों ने बताया कि इस बार मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। यदि यह साबित हुआ कि सिर्फ प्रसिद्धि हासिल करने के लिए पुलिस का समय बर्बाद किया गया है, तो संबंधित पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामला जांचाधीन है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।