
सहारनपुर। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने जा रहे ICC मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार के पाकिस्तान के फैसले पर देश की राजनीति गरमा गई है। इस मुद्दे पर सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबलों पर सवाल खड़े किए हैं।
इमरान मसूद ने सवालिया अंदाज़ में कहा कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के बारे में सोचने की जरूरत ही क्यों है। उन्होंने कहा कि BCCI को देश के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहिए।
“पहले दिन से विरोध में हैं” – इमरान मसूद
कांग्रेस सांसद ने कहा कि वह शुरू से ही पाकिस्तान के साथ क्रिकेट संबंधों के विरोध में रहे हैं। उन्होंने कहा,
“हमने पहले दिन से कहा है कि पाकिस्तान के साथ हमारे कोई रिश्ते नहीं होने चाहिए। उनके साथ मैच खेलने का सवाल ही नहीं उठता। हमें पहले ही साफ कह देना चाहिए था कि हम पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेंगे।”
BCCI पर भी साधा निशाना
इमरान मसूद ने कहा कि जब एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को साइन करने पर विवाद खड़ा हो जाता है, तो पाकिस्तान के साथ मैच खेलने पर सवाल क्यों नहीं उठते। उन्होंने कहा कि BCCI को इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और देश की भावनाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
पाकिस्तान पर तीखी टिप्पणी
कांग्रेस सांसद ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत को ऐसे देश के साथ किसी भी तरह के संबंध नहीं रखने चाहिए। उनका कहना था कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने का कोई औचित्य नहीं है और भारत को इस पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
पाकिस्तान के फैसले से बढ़ा विवाद
गौरतलब है कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को टी-20 विश्व कप से बाहर किए जाने के विरोध में भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद भारत में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं और क्रिकेट को लेकर कूटनीतिक बहस छिड़ गई है।
फिलहाल इस पूरे मामले पर BCCI या ICC की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।