Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

घर के ड्राइंग रूम और बेडरूम में बंधी थीं भैंसें, लखनऊ में नगर निगम ने किया छापा

लखनऊ (संदीप तिवारी): राजधानी लखनऊ के बिजनौर क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने अवैध डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक चौंकाने वाला मामला उजागर किया। रॉयल सिटी कॉलोनी गडौरा स्थित एक मकान में ड्राइंग रूम और बेडरूम में भैंस और अन्य पशु बंधे पाए गए।

This slideshow requires JavaScript.

नगर निगम जोन-8 की टीम ने बताया कि यह कार्रवाई स्थानीय नागरिकों की लगातार शिकायतों के बाद की गई। शिकायतों में आरोप था कि अवैध डेयरी संचालक गोबर और अन्य अपशिष्ट खुले में फेंक रहे हैं, जिससे गंदगी, जलभराव और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

जांच के दौरान डेयरी संचालकों और उनके समर्थकों ने निगम टीम का विरोध किया और उनके वाहनों को घेर लिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने कार्रवाई पूरी की।

जब्त किए गए पशु:
नगर निगम ने 11 भैंस, 3 गाय, 4 पड़िया और 1 बछिया जब्त कर ऐशबाग स्थित कांजी हाउस भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित जुर्माना जमा करने के बाद ही इन पशुओं को छोड़ा जाएगा।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में भैंस पालन पूरी तरह प्रतिबंधित है। केवल अधिकतम दो गायों को ही वैध लाइसेंस के साथ पालने की अनुमति है। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने कहा कि अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply