Wednesday, January 28

यूपी में मौसम का मिजाज बदला: लखनऊ में तड़के से बूंदाबांदी, कई जिलों में बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, बूंदाबांदी और ओलावृष्टि दर्ज की गई है, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। बुधवार तड़के राजधानी लखनऊ में हल्की बूंदाबांदी होती रही, वहीं नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की खबर है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

This slideshow requires JavaScript.

लखनऊ में बदला मौसम, ठंड बढ़ी

लखनऊ में मंगलवार को दिनभर मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। शाम ढलते ही बादल छा गए और रात होते-होते बूंदाबांदी शुरू हो गई। दिन का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अमौसी स्थित मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार को शहर में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। गुरुवार से सुबह कोहरा छाने और रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है।

गाजियाबाद में गरज-चमक संग बारिश, ओले भी गिरे

गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में मंगलवार को मौसम पूरी तरह बदल गया। सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर बाद कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इंदिरापुरम, राजनगर एक्सटेंशन सहित कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। यहां मंगलवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

नोएडा में कड़ाके की ठंड, सुबह-सुबह ओलावृष्टि

नोएडा में मंगलवार सुबह हुई बारिश और ओलावृष्टि ने ठंड को और तीखा कर दिया। कई इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर हो गए। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।

शीतलहर का खतरा, 1 फरवरी को येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले एक-दो दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है। ठंडी हवाओं और नमी के कारण रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। विभाग ने 1 फरवरी को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सुबह-शाम बाहर निकलने वालों को गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव के जरूरी उपाय करने की अपील की गई है।

Leave a Reply