Saturday, January 24

आगरा में गैंग वार! शराब पार्टी के दौरान युवक की 4 गोलियों से हत्या

 

This slideshow requires JavaScript.

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार रात एक युवक की गैंग रंजिश में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना थाना ट्रांस यमुना कॉलोनी क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित एसएन होमस्टे में हुई। मृतक की पहचान राज चौहान (हाथरस के गांव बेदई निवासी) के रूप में हुई है।

 

मौके पर मिली जानकारी के अनुसार, राज चौहान अपने साथियों के साथ चौथी मंजिल पर शराब पार्टी कर रहा था। रात लगभग 10 बजे आधा दर्जन बदमाश उसके कमरे में घुस आए। दोनों गुटों के बीच झड़प हुई, जिसमें दूसरे गुट ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। राज बचने के लिए भागा, लेकिन गैलरी में उसे घेर लिया गया और उसके सीने में चार गोलियां मारी गईं। गंभीर अवस्था में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

 

 

 

गैंग रंजिश का मामला

 

सूत्रों के अनुसार, राज चौहान और मोनू यादव गैंग के बीच लंबे समय से वर्चस्व की जंग चल रही थी। इससे पहले भी राज और मोनू यादव गैंग के एक सदस्य काली यादव के बीच विवाद हो चुका था, जिसमें मारपीट और फायरिंग भी हुई थी। राज अपने रंगबाजी और वर्चस्व को बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय था।

 

डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि मौके से 312 बोर के कई खाली खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारोपियों की पहचान कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग के समय बदमाश बोल रहे थे, “तेरा यही अंजाम होना था।”

 

 

 

परिवार पर दुख और अतीत की झलक

 

घटना की सूचना मिलने पर राज की मां अस्पताल पहुंची और अपने बेटे की मौत से बिलखती हुई ट्रक के सामने दौड़ी। पुलिस ने उसे बमुश्किल रोका।

 

राज चौहान कुछ दिन पहले जेल से जमानत पर छूटा था। वह अपने दादा की हत्या के मामले में भी नामजद था। जेल से निकलने के बाद उसके दोस्तों ने सड़क पर जश्न मनाया था, जिसमें 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

 

Leave a Reply