
देहरादून/रुद्रपुर: उत्तराखंड कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे सौरभ राज ने खुद पर हमला करवाने की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस खुलासे के बाद तिलकराज बेहड़ ने सार्वजनिक रूप से बेटे से संबंध खत्म करने और उस पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 18 जनवरी को रुद्रपुर के आवास विकास क्षेत्र में सौरभ राज पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला किया था। घायल सौरभ को उपचार के लिए आईसीयू में भर्ती किया गया था। घटना के बाद राजनीतिक पारा भी बढ़ गया और पुलिस पर हमलावरों की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ा।
हालांकि, पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि तलाशी के दौरान पकड़े गए युवकों के पास दो अवैध तमंचे, एक जिंदा कारतूस और एक नाजायज चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि यह हमला किसी दुश्मनी या राजनीतिक विवाद का परिणाम नहीं बल्कि सौरभ राज द्वारा रची गई साजिश थी।
मूल कारण परिवारिक विवाद बताया गया है। सौरभ ने पत्नी के साथ मतभेद के चलते सहानुभूति पाने के लिए अपने दोस्त इंदर नारंग के माध्यम से यह हमला करवाया। इसके लिए उसने अन्य युवकों को भी शामिल किया।
इस खुलासे के बाद तिलकराज बेहड़ ने भावुक होकर मीडिया से कहा कि उनके बेटे का यह कृत्य माफ़ी योग्य नहीं है। उन्होंने कहा, “मेरा अपना ही सिक्का खोटा निकला। मैं अपने बेटे से अपना संबंध समाप्त कर रहा हूँ और मांग करता हूँ कि उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।” विधायक ने साथ ही पुलिस, प्रशासन और राजनीतिक दलों का भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने उनका पूरा सहयोग किया।
