

इस्लामाबाद/नई दिल्ली: पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड सैफुल्लाह कसूरी (जिसे साजिद सैफुल्लाह जट्ट या खालिद के नाम से भी जाना जाता है) ने भारत के खिलाफ फिर से खुला बयान दिया है। कसूरी ने कहा कि “2025 में हमने आसमान पर राज किया, 2026 में हम समुद्र पर भी राज करेंगे।”

सैफुल्लाह कसूरी लश्कर–ए–तैयबा का डिप्टी है और मई 2025 में भारत ने पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। इस ऑपरेशन में 100 से अधिक आतंकी मारे गए थे, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्य भी शामिल थे। इसके बावजूद कसूरी अपने आतंकियों को यह कहानी सुना रहा है कि पाकिस्तान ने आकाश में प्रभुत्व स्थापित किया। अब वह समुद्र का जिक्र कर रहा है, जिसका मतलब है कि वह भारतीय नौसेना से टकराने की धमकी दे रहा है।
कसूरी के बयानों में पाकिस्तान सेना का हाथ
विशेषज्ञों के अनुसार, सैफुल्लाह कसूरी जैसे आतंकी पाकिस्तान की सेना की शह पर काम कर रहे हैं। वह खुलेआम भारत में आतंकी हमले की धमकी दे रहा है। उसने स्वीकार किया है कि उसे पाकिस्तान सेना से अपने कार्यक्रमों में शामिल होने और सैनिकों की अंतिम संस्कार नमाज पढ़ाने के लिए आमंत्रण लगातार मिलते हैं।
पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर
कसूरी को भारत ने 22 अप्रैल 2025 को हुए भयानक पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड बताया है। उस हमले में जम्मू-कश्मीर के बैसरन घास के मैदान में 26 हिंदू नागरिकों को उनके धर्म पूछकर मारा गया। इसके बाद भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तानी और पीओके में सटीक हमले किए, जिसमें कसूरी के कई ठिकानों को नुकसान पहुंचाया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, कसूरी लगातार कश्मीर पर जहर उगल रहा है और इसके बयान को हल्के में लेना खतरे से खाली नहीं है। यह साफ संकेत है कि पाकिस्तानी आतंकी, पाकिस्तान सेना के साथ मिलकर भारत में फिर से कोई आतंकी हमला करने की योजना बना सकते हैं।


