
बक्सर (सुहेंद्र प्रताप सिंह) – बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के रसने गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। इस दर्दनाक घटना में एक बच्चा की मौत हो गई, जबकि महिला और उसके दो बच्चे अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान करण कुमार के रूप में हुई है। बच्चों की मां रूबी देवी और उनके जीवित बचे दो बच्चे अर्जुन और राधा कुमारी को बक्सर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार, रूबी देवी ने 2020 में अपने पहले पति राजकुमार चौहान की मौत के बाद 2021 में अपने देवर जितेंद्र चौहान से दूसरी शादी की थी। उनके तीन बच्चे हैं – पहला बेटा करण पहली शादी से, जबकि अर्जुन और राधा दूसरी शादी से हैं।
डीएसपी गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि महिला और उसके बच्चे घर के अंदर बेहोशी की हालत में पड़े हैं। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने करण को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला और दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
डीएसपी ने आशंका जताई है कि यह कदम पारिवारिक विवाद का नतीजा हो सकता है। मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।