Tuesday, January 13

देश में गाड़ियों की रेकॉर्ड बिक्री: एक महीने में बिके 15 लाख से अधिक बाइक-स्कूटर

नई दिल्ली: भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री ने साल 2025 में सभी सेगमेंट में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री दर्ज की है। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही (FY2025-26) और पूरे कैलेंडर वर्ष में कार, दोपहिया, तिपहिया और कमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री ने पिछले साल के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया।

This slideshow requires JavaScript.

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के आंकड़ों के मुताबिक, पैसेंजर व्हीकल्स (कार, SUV आदि) की बिक्री अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 20.6% बढ़कर 12.76 लाख यूनिट रही। पूरे 2025 में पैसेंजर व्हीकल्स की कुल बिक्री 44.90 लाख यूनिट दर्ज की गई, जो 2024 की तुलना में 5% अधिक है। दिसंबर 2025 में तो यह संख्या 3,99,216 यूनिट तक पहुँच गई, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि से 26.8% अधिक है।

दोपहिया वाहनों (बाइक और स्कूटर) की बिक्री ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में दोपहिया वाहनों की बिक्री 16.9% बढ़कर 5.70 मिलियन यूनिट रही। पूरे साल 2025 में यह आंकड़ा 2 करोड़ यूनिट (20.50 मिलियन) पार कर गया। खासतौर पर दिसंबर में दोपहिया वाहनों की बिक्री में 39.4% की जोरदार बढ़ोतरी देखी गई और यह 15,41,036 यूनिट तक पहुँच गई।

तिपहिया वाहनों की बिक्री अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 14% बढ़कर 2.15 लाख यूनिट रही। पूरे साल 2025 में इस सेगमेंट ने भी रिकॉर्ड तोड़ते हुए 7.88 लाख यूनिट की बिक्री की।

कमर्शियल व्हीकल्स (ट्रक, बस आदि) की बिक्री अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 21.5% बढ़कर 2.90 लाख यूनिट रही। पूरे वर्ष की कुल बिक्री 10.28 लाख यूनिट रही, जो पिछले साल की तुलना में 7.7% अधिक है।

SIAM के प्रेसिडेंट शैलेश चंद्रा ने कहा, “2025 भारतीय ऑटो इंडस्ट्री के लिए यादगार साल रहा। सभी सेगमेंट में शानदार ग्रोथ और एक्सपोर्ट में भी दोहरे अंकों की बढ़ोतरी हुई।” SIAM के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने कहा कि साल के अंत की मजबूत बिक्री, बुकिंग में इजाफा और ब्याज दरों में कटौती से अगले साल भी मांग में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

 

Leave a Reply