Monday, January 12

बिहार में शीतलहर का कहर: 14 जिलों में येलो अलर्ट, कोहरे से जनजीवन प्रभावित

पटना। बिहार में भीषण ठंड और बर्फीली हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। बर्फीली हवाओं के कारण दिन और रात के तापमान में अंतर बेहद कम हो गया है, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

This slideshow requires JavaScript.

मौसम विभाग के अनुसार, यह अलर्ट 14 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। जिन जिलों को अलर्ट में शामिल किया गया है, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा और पूर्णिया शामिल हैं। विभाग ने लोगों को घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

तापमान में और गिरावट की आशंका
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले सप्ताह तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है। 17 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से टकराने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में असामान्य रूप से ठंडी परिस्थितियां बनी हुई हैं। घने कोहरे के चलते दृश्यता में भारी कमी दर्ज की जा रही है, इसलिए लोगों को केवल आवश्यक यात्रा करने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी बिहार में तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मुजफ्फरपुर में दिन और रात के तापमान में महज 1.7 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया, जो ठंड के बने रहने का संकेत है। समस्तीपुर, खगड़िया, बेगुसराय और सुपौल में घने कोहरे के कारण दृश्यता लगभग शून्य तक पहुंच गई।

राहत की उम्मीद कम
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 10 दिनों तक ठंड से किसी बड़ी राहत की संभावना नहीं है। हालांकि, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की हल्की वृद्धि संभव है, जबकि न्यूनतम तापमान में उतनी ही गिरावट आ सकती है।

नवादा में सड़क हादसा
ठंड और कोहरे के बीच सड़क हादसों का सिलसिला भी जारी है। नवादा जिले में सोमवार को हुए एक हादसे में बीपीएससी शिक्षक कुंदन प्रभात (25) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी शिक्षक आलोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि कुंदन प्रभात स्कूल जा रहे थे, तभी चातर मोड़ के पास तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। कुंदन की शादी छह महीने पहले ही हुई थी और यह उनकी पहली सरकारी नौकरी थी।

मौसम विभाग ने नागरिकों से ठंड से बचाव के उपाय अपनाने, अलाव और गर्म कपड़ों का उपयोग करने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

 

Leave a Reply