Thursday, February 26

लखनऊ विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति: प्रो. जय प्रकाश सैनी संभालेंगे कमान, IIT कानपुर के पूर्व छात्र

 

This slideshow requires JavaScript.

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी स्थित लखनऊ विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। प्रो. जय प्रकाश सैनी को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। इस संबंध में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने आदेश जारी कर दिए हैं। प्रो. सैनी की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है।

 

राज्यपाल ने यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 12(1) के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए की है। वर्तमान में प्रो. जय प्रकाश सैनी गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) के कुलपति के पद पर कार्यरत थे।

 

MMMUT को दिलाई नई पहचान

 

प्रो. जे.पी. सैनी का शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। वे मदन मोहन मालवीय विश्वविद्यालय के अंतिम प्राचार्य (प्रिंसिपल) भी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में ही तत्कालीन इंजीनियरिंग कॉलेज को प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का दर्जा मिला, जिससे संस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्राप्त हुई।

 

MMMUT से पहले प्रो. सैनी नई दिल्ली स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के कुलपति के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

 

मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि

 

मूल रूप से झांसी जिले के निवासी प्रो. जय प्रकाश सैनी ने

 

वर्ष 1987 में केएनआईटी सुल्तानपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक,

आईआईटी कानपुर से एमटेक,

तथा वर्ष 2001 में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।

 

उन्हें 30 वर्षों से अधिक का शिक्षण, शोध और प्रशासनिक अनुभव प्राप्त है।

 

लखनऊ विश्वविद्यालय से बड़ी अपेक्षाएं

 

प्रो. जय प्रकाश सैनी की नियुक्ति से लखनऊ विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, नवाचार और प्रशासनिक सुधार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शिक्षाविदों का मानना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व में विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी साख को और मजबूत करेगा।

 

Leave a Reply