
वॉशिंगटन: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी की पोती टाटियाना श्लॉसबर्ग का दुर्लभ बीमारी के कारण निधन हो गया। वह केवल 35 साल की थीं। JFK लाइब्रेरी फाउंडेशन ने इंस्टाग्राम पोस्ट में इसकी पुष्टि करते हुए लिखा, “हमारी प्यारी टाटियाना आज सुबह गुजर गईं। वह हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी।”
दुर्लभ बीमारी से जूझती रहीं टाटियाना:
टाटियाना ने पिछले महीने न्यू यॉर्कर में छपे एक लेख में अपनी बीमारी के बारे में खुलासा किया था और बताया था कि उनके पास जीने के लिए एक साल से भी कम समय बचा है। उन्हें दुर्लभ म्यूटेशन वाले मायलॉइट ल्यूकेमिया (Inversion 3) का पता चला था, जो आमतौर पर उम्रदराज मरीजों में देखा जाता है। उन्होंने पिछले 18 महीने बोन-मैरो ट्रांसप्लांट, कीमोथेरेपी और ब्लड ट्रांसफ्यूजन से इलाज करवाया।
परिवार से जुड़ी ट्रैजेडी:
टाटियाना ने अपने लेख में परिवार के दुखों का भी जिक्र किया। उनके नाना, राष्ट्रपति JFK, की 1963 में हत्या हुई थी, जबकि उनके मामा, जॉन एफ. केनेडी जूनियर, 1999 में प्लेन क्रैश में मरे थे। उन्होंने लिखा, “मैंने हमारे परिवार की जिंदगी में एक और दुख जोड़ दिया है और इसे रोकने के लिए मैं कुछ नहीं कर सकती।”
टाटियाना श्लॉसबर्ग कौन थीं?
टाटियाना पत्रकार और पर्यावरण लेखिका थीं। वे कैरोलिन केनेडी और डिजाइनर एडविन श्लॉसबर्ग की मंझली बेटी थीं। 1990 में जन्मी टाटियाना ने राजनीतिक विरासत से अलग अपना करियर चुना और जलवायु एवं पर्यावरण पर रिपोर्टिंग की। उन्होंने द न्यूयॉर्क टाइम्स समेत कई प्रमुख मीडिया हाउस के लिए काम किया और एक सफल क्लाइमेट जर्नलिस्ट के रूप में पहचान बनाई।
व्यक्तिगत जीवन:
टाटियाना ने 2017 में डॉक्टर जॉर्ज मोरन से शादी की और उनके दो बच्चे थे।