Wednesday, June 17

This slideshow requires JavaScript.

ताइवान के आसपास चीन के युद्धाभ्यास से बढ़ा तनाव, अमेरिका ने दो एयरक्राफ्ट कैरियर किए तैनात

 

This slideshow requires JavaScript.

 

वॉशिंगटन।

ताइवान के चारों ओर चीन द्वारा किए जा रहे व्यापक सैन्य युद्धाभ्यास से अमेरिका की चिंता गहराती जा रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए अमेरिका ने पश्चिमी प्रशांत महासागर और दक्षिण चीन सागर में अपने दो एयरक्राफ्ट कैरियर और एक एम्फीबियस असॉल्ट शिप तैनात कर दिए हैं। अमेरिकी नौसेना के ये युद्धपोत ताइवान के आसपास चीन की हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं।

 

अमेरिकी रक्षा प्रतिष्ठान को आशंका है कि चीन इन युद्धाभ्यासों की आड़ में ताइवान पर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। चीन के कई अभ्यास ताइवान के तट से महज 12 किलोमीटर की दूरी पर किए गए हैं, जिसके बाद ताइवान ने अपनी सेना को हाई अलर्ट पर रखा है।

 

USS अब्राहम लिंकन दक्षिण चीन सागर में सक्रिय

 

अमेरिकी नौसेना संस्थान (USNI) के फ्लीट और मरीन ट्रैकर के अनुसार, निमित्ज-क्लास एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन अपने कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के साथ दक्षिण चीन सागर में नियमित अभियानों पर तैनात है।

USS लिंकन नवंबर के अंत में सैन डिएगो से रवाना हुआ था और 11 दिसंबर को गुआम नेवल बेस पर ठहरने के बाद फिलीपीन सागर होते हुए दक्षिण चीन सागर में दाखिल हुआ।

 

F-35C स्टील्थ फाइटर जेट्स के साथ अभ्यास

 

हाल में जारी अमेरिकी नौसेना की तस्वीरों में F-35C लाइटनिंग-II स्टील्थ फाइटर जेट्स को USS अब्राहम लिंकन से उड़ान भरते और लैंडिंग करते देखा गया है। इन जेट्स को हवा में ईंधन भरते हुए भी दिखाया गया, जिससे उनकी ऑपरेशनल रेंज और मारक क्षमता में कई गुना इजाफा होता है।

 

333 मीटर लंबा USS अब्राहम लिंकन करीब 90 फिक्स्ड-विंग एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टरों को तैनात करने में सक्षम है।

 

USS त्रिपोली भी तैनाती में शामिल

 

अमेरिका-क्लास का एम्फीबियस असॉल्ट शिप USS त्रिपोली भी दिसंबर की शुरुआत से दक्षिण चीन सागर में सक्रिय है। यह युद्धपोत F-35B शॉर्ट टेक-ऑफ और वर्टिकल लैंडिंग (STOVL) लड़ाकू विमानों के संचालन में सक्षम है।

इस पर फिलहाल 31वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट तैनात है। फ्लीट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, 22 दिसंबर तक USS त्रिपोली अपने एक्सपेडिशनरी स्ट्राइक ग्रुप के साथ पूर्वी चीन सागर में गश्त कर रहा था, जिसमें गाइडेड मिसाइल क्रूजर USS रॉबर्ट स्मॉल्स और डिस्ट्रॉयर USS राफेल पेराल्टा भी शामिल हैं।

 

USS जॉर्ज वाशिंगटन जापान में तैनात

 

इसके अलावा, USS जॉर्ज वाशिंगटन एयरक्राफ्ट कैरियर जापान के योकोसुका स्थित अपने होमपोर्ट पर तैनात है। यह इस क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना का एकमात्र स्थायी रूप से तैनात एयरक्राफ्ट कैरियर है।

निमित्ज-क्लास का यह छठा कैरियर 332.8 मीटर लंबा है और परमाणु रिएक्टर व स्टीम टरबाइन की मदद से 30 नॉट (लगभग 56 किमी/घंटा) की गति से चल सकता है। इस पर भी करीब 90 लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर तैनात रहते हैं।

 

बढ़ती सैन्य हलचल से वैश्विक चिंता

 

विशेषज्ञों का मानना है कि ताइवान के आसपास चीन की सैन्य गतिविधियों और उसके जवाब में अमेरिका की भारी तैनाती ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को एक बार फिर टकराव के मुहाने पर ला खड़ा किया है।

यदि हालात और बिगड़े, तो इसका असर न केवल अमेरिका-चीन संबंधों पर पड़ेगा, बल्कि पूरे एशिया-प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता पर भी गंभीर प्रभाव डाल सकता है।

 

Leave a Reply