Monday, December 29

सीएम सुक्खू की अपील के बाद IGMC डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, राघव निरुला की बर्खास्तगी रद्द, दोबारा जांच का आश्वासन

 

This slideshow requires JavaScript.

शिमला: शिमला स्थित इंडियन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (IGMC) में मरीज से मारपीट के विवाद के बाद शुरू हुई डॉक्टरों की हड़ताल अब खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अपील के बाद रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने रविवार को हड़ताल वापस ले ली और सोमवार से ड्यूटी पर लौटने का निर्णय लिया।

 

RDA अध्यक्ष सोहिल शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने डॉक्टर राघव निरुला की बर्खास्तगी रद्द करने और मामले की दोबारा जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि बर्खास्तगी का आदेश वापस लिए जाने तक डॉक्टर्स पूरी तरह जांच में सहयोग करेंगे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे दिल्ली से शिमला लौटने के बाद डॉक्टरों से बातचीत कर यह स्पष्ट करना चाहते थे कि विवाद का हल निकालना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने डॉक्टरों से हड़ताल वापस लेने और ड्यूटी पर लौटने की अपील की। साथ ही, सोमवार को IGMC के वरिष्ठ डॉक्टरों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का भरोसा भी दिया।

 

सीएम सुक्खू ने यह भी कहा कि 26 दिसंबर को उन्होंने डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा, “मैं स्वास्थ्य मंत्री या सचिव को भी भेज सकता था, लेकिन मैंने खुद डॉक्टरों से मिलने का फैसला किया। मैंने कहा था कि घटना की जांच दोबारा होगी, लेकिन डॉक्टरों ने भरोसा करने के बजाय हड़ताल का रास्ता अपनाया।”

 

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि सरकार का उद्देश्य विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाना है और डॉक्टरों को भरोसा होना चाहिए कि उनकी आवाज़ सुनी जा रही है।

 

 

Leave a Reply